SGRRU खेलोत्सव का आगाज। 11 स्कूलों के खिलाड़ी मैदान में, कई मुकाबलों के नतीजे आए
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता खेलोत्सव-2026 का भव्य आगाज हो चुका है।
28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित हो रहे इस खेल महोत्सव में विश्वविद्यालय के 11 संघटक स्कूलों के 5000 से अधिक छात्र-छात्राएं 15 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
खेलोत्सव के तहत शुक्रवार को शतरंज, टेबल टेनिस और बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
भव्य समारोह के साथ हुआ खेलोत्सव का शुभारंभ
खेलोत्सव-2026 का शुभारंभ 28 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के खेल मैदान में हुआ। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के एनसीसी बैंड, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स तथा सभी 11 संघटक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अनुशासित परेड के माध्यम से खेल भावना, एकता और अनुशासन का परिचय दिया। कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।
खेलोत्सव के चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी, सचिव एसपी जोशी और योग में राष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक विजेता छात्र सुमीर ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया।
वहीं, विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, आयोजन समिति, फैकल्टी और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन समारोह में गढ़वाली लोक संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। योग के विद्यार्थियों ने विभिन्न आसनों के माध्यम से शारीरिक और मानसिक संतुलन का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों ने खेल मशाल के साथ ट्रैक का चक्कर लगाकर आयोजन का उत्साह बढ़ाया।
कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना भी है।
खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों की ऊर्जा, प्रतिभा और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है। शिक्षा के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक है।
शतरंज में संजना और आयुष ने दर्ज की जीत
खेलोत्सव के तहत शुक्रवार को आयोजित शतरंज प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज की संजना ने स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर साइंसेज की अस्मिता को पराजित किया।
वहीं, बालक वर्ग में स्कूल ऑफ पैरामेडिकल के आयुष पटेल ने स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के सचिन को हराकर जीत दर्ज की।
टेबल टेनिस में प्रियंशी आर्य और सिद्धार्थ का शानदार प्रदर्शन
टेबल टेनिस प्रतियोगिता के बालिका एकल वर्ग में एमबीबीएस की प्रियंशी आर्य ने स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की अंशिका तिवारी को शिकस्त दी। बालिका युगल वर्ग में नर्सिंग की तेंजिन नाइदोन और तंजिंग बागमो की जोड़ी विजेता रही।
बालक एकल वर्ग में स्कूल ऑफ एलाइड एंड हेल्थ साइंसेज के सिद्धार्थ ने स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अस्मित को हराया। वहीं, बालक युगल वर्ग में जगजीत और भौमिक की जोड़ी ने प्रियांश नेगी और सचिन को पराजित कर जीत हासिल की।
बैडमिंटन में अभिषेक गौड़ और वैष्णवी ने मारी बाजी
बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालक एकल वर्ग में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अभिषेक गौड़ ने स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज के अंशुल को हराया। बालक युगल वर्ग में स्कूल ऑफ फार्मेसी के आदित्य और तनिष्क की जोड़ी विजेता रही।
बालिका एकल वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की वैष्णवी ने स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज की नायशा को पराजित किया। वहीं, बालिका युगल वर्ग में स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर की अनीशा और अनुपमा की जोड़ी ने नर्सिंग की तेंजिन और ऋतुजा को हराकर जीत दर्ज की।
खेलोत्सव के शुभारंभ समारोह में एनसीसी की 11 यूके बटालियन के अंडर ऑफिसर आदर्श भंडारी और अंडर ऑफिसर नीलम ने कैडेट्स का प्रतिनिधित्व किया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा एवं राष्ट्रीय स्तर की रजत पदक विजेता दिव्या रावत ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।
शुक्रवार को आयोजित प्रतियोगिताओं के दौरान डॉ. मनीष, डॉ. ऋषा सक्सेना, डॉ. कमल, डॉ. सुरेंद्र, हरीश शर्मा, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. वैभव शर्मा और डॉ. मनीष देव सिंह सहित विश्वविद्यालय के कई फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।
खेलोत्सव के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में खेल प्रतिस्पर्धा, उत्साह और अनुशासन का माहौल बना हुआ है।



