PNB के राजभाषा समारोह में कवि सम्मेलन की धूम
- विजेताओं को मिली लाला लाजपत राय राजभाषा शील्ड
देहरादून। पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) के प्रधान कार्यालय में हिंदी माह के उपलक्ष्य में राजभाषा समारोह सह कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह में बैंक के विभिन्न विभागों और अंचल कार्यालयों को लाला लाजपत राय राजभाषा शील्ड योजना के अंतर्गत पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही, जबकि प्रख्यात कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल और कवयित्री पद्मिनी शर्मा की काव्य प्रस्तुतियों ने समारोह में साहित्यिक रंग भर दिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र ने की। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव, मुख्य सतर्कता अधिकारी राघवेन्द्र कुमार, विभिन्न मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक और अलग-अलग अंचलों से आए पुरस्कार विजेता अंचल प्रबंधक भी मौजूद रहे।
समारोह का शुभारंभ वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद लाला लाजपत राय राजभाषा शील्ड प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान बैंक की गृह पत्रिका ‘पीएनबी प्रतिभा’, ‘राजभाषा चित्रकथा’ और ‘डिजिटल लाइब्रेरी’ का लोकार्पण भी किया गया। इन पहलों को बैंक में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने और राजभाषा संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजभाषा के क्षेत्र में पीएनबी की उपलब्धियों पर जताई खुशी
बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र ने छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में पीएनबी की गृह पत्रिका ‘पीएनबी प्रतिभा’ और दिल्ली (बैंक) नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) को ‘राजभाषा कीर्ति’ के प्रथम पुरस्कार प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए बैंक के सभी स्टाफ सदस्यों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि पंजाब नैशनल बैंक राजभाषा के कार्यान्वयन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। बैंक की ओर से ग्राहकों को हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुलभ बनाया जा सके।
हिंदी में काम करने के लिए कर्मचारियों को किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य महाप्रबंधक (राजभाषा) विशेष कुमार श्रीवास्तव के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत किया। कार्यपालक निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव ने कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं, सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में राजभाषा के क्षेत्र में बैंक की उपलब्धियों और प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कविता पाठ ने बांधा समां
राजभाषा समारोह के दौरान आयोजित काव्य संध्या आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रख्यात कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल और कवयित्री पद्मिनी शर्मा ने अपनी प्रभावशाली एवं ऊर्जावान काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया।
साहित्यिक प्रस्तुतियों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
समारोह का उद्देश्य बैंकिंग कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना, कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करना और राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभागों एवं कार्यालयों को सम्मानित करना रहा।




