UKSSSC ने स्थगित कीं दो भर्ती परीक्षाएं। जानिए क्यों?….
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह ग के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रस्तावित दो लिखित परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
इनमें 25 अक्टूबर 2026 को होने वाली कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 और वैयक्तिक सहायक की परीक्षा के साथ ही एक नवंबर 2026 को प्रस्तावित सहायक लेखाकार एवं अन्य पदों की परीक्षा शामिल है।
आयोग ने परीक्षाएं स्थगित करने के पीछे अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है। दोनों परीक्षाओं की नई तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी।
25 अक्टूबर और 1 नवंबर को होनी थीं परीक्षाएं
आयोग की ओर से 18 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 और वैयक्तिक सहायक के पदों के लिए लिखित परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जानी थी।
इनमें सिविल न्यायालय एवं कुटुंब न्यायालय से संबंधित वैयक्तिक सहायक के पद भी शामिल हैं। आयोग ने अब इस परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
इसी तरह, विभिन्न विभागों में सहायक लेखाकार और अन्य पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा एक नवंबर 2026 को प्रस्तावित थी। इस परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब आयोग की ओर से नई परीक्षा तिथियां घोषित किए जाने का इंतजार करना होगा।
इन पदों की परीक्षा 25 अक्टूबर को ही होगी
हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी भर्ती परीक्षाएं स्थगित नहीं की गई हैं। लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक, प्रशिक्षक और अनुदेशक के पदों के लिए प्रस्तावित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 अक्टूबर 2026 को ही आयोजित की जाएगी। इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी जारी रखनी चाहिए।
अभ्यर्थी कहां देखें परीक्षा से जुड़ी जानकारी?
स्थगित परीक्षाओं की नई तिथियों को लेकर आयोग की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र और अन्य जरूरी अपडेट के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।




