उत्तराखंड में 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित
- सीएम धामी के निर्देश पर जारी हुआ आदेश, मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी महानवमी की शुभकामनाएं
देहरादून। उत्तराखंड में महानवमी के अवसर पर 19 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है। अवकाश के चलते सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी रहेगी।
शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में मातृशक्ति का विशेष और पूजनीय स्थान है। नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति, श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। यह पर्व समाज को मातृशक्ति के सम्मान, सामर्थ्य और उसकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं देश की समृद्ध विरासत की पहचान हैं। हमारे त्योहार सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने के साथ ही समाज में आस्था, सद्भाव और एकता की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
महानवमी पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा के बाद प्रदेश में 19 अक्टूबर को सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में छुट्टी रहेगी।




