CM की व्यापारियों को 8 सौगातें, किसानों के नुकसान का हवाई सर्वे, रोपवे निर्माण में तेजी के निर्देश और….
देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता दिखाते हुए कई अहम कदम उठाए हैं। हल्द्वानी में प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन के दौरान व्यापारियों के हित में आठ घोषणाएं की गईं।
वहीं बाजपुर में ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का हवाई सर्वेक्षण कर किसानों को राहत का भरोसा दिया गया। दूसरी ओर, केदारनाथ रोपवे परियोजना में तेजी लाने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
व्यापारियों के लिए आठ घोषणाएं, कारोबार आसान बनाने का भरोसा
हल्द्वानी में आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके हितों की रक्षा का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि व्यापारी रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार व्यापारियों को सुरक्षित, पारदर्शी और भयमुक्त कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार राहत देने, उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन करने और जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने सहित आठ घोषणाएं कीं।
इसके अलावा पर्यटन व्यवसाय की पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाने, होम स्टे सुविधाओं का विस्तार करने, चारधाम यात्रा मार्ग पर पार्किंग विकसित करने और प्रमुख बाजारों में सड़कों व नालियों की मरम्मत को प्राथमिकता देने की बात कही। पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया।
बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, धामी ने किया निरीक्षण
ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी से देहरादून लौटते समय प्रभावित क्षेत्र का रुख किया।
उन्होंने हेलीकॉप्टर से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का प्राथमिकता के आधार पर विस्तृत सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए।
साथ ही स्पष्ट किया कि नुकसान के आकलन में देरी नहीं होनी चाहिए और पात्र किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
केदारनाथ रोपवे परियोजना में तेजी, हर टावर का बनेगा कैलेंडर
केदारनाथ धाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने वाली रोपवे परियोजना को गति देने के लिए शासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई उत्तराखंड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई।म
मुख्य सचिव ने हर टावर के निर्माण की शुरुआत और काम पूरा होने की तारीख तय करते हुए विस्तृत कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए। वन स्वीकृति से जुड़े प्रस्ताव जल्द पोर्टल पर अपलोड करने और प्रतिपूरक वनीकरण के लिए चिह्नित भूमि का दोबारा सत्यापन कराने को कहा गया।
जिन टावरों का निर्माण राजस्व भूमि पर होना है, वहां वन स्वीकृति की आवश्यकता नहीं होने पर नींव का काम शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही गौरीकुंड और सोनप्रयाग में पार्किंग, आवासीय सुविधाओं और अन्य जनसुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि निर्माण कार्य के दौरान चारधाम यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो।
दिनेश आर्य निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित, भाजपा ने दी बधाई
उत्तराखंड से भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उनके निर्वाचन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
भाजपा नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि दिनेश आर्य अपने लंबे सांगठनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के आधार पर उत्तराखंड के विकास, जनहित और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
पार्टी नेताओं के अनुसार, उच्च सदन में उनका प्रतिनिधित्व प्रदेश की प्राथमिकताओं और विकास संबंधी विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
दिनेश आर्य का राजनीतिक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से शुरू हुआ। वर्ष 1985 में उन्होंने नैनीताल में विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ग्रहण की और 1986 में जिला संयोजक नियुक्त हुए।
इसके बाद उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। भाजपा को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ उत्तराखंड के विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने में मिलेगा।



