सावधान: उत्तराखंड में सीजनल इन्फ्लुएंजा का अलर्ट। अस्पतालों में आइसोलेशन से ICU तक पूरी तैयारी के निर्देश

उत्तराखंड में सीजनल इन्फ्लुएंजा का अलर्ट। अस्पतालों में आइसोलेशन से ICU तक पूरी तैयारी के निर्देश

देहरादून। देश के कुछ राज्यों में सीजनल इन्फ्लुएंजा और श्वसन संबंधी बीमारियों के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए उत्तराखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को संभावित प्रकोप से निपटने के लिए तत्काल बचाव एवं रोकथाम के व्यापक निर्देश जारी किए हैं।

केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी निर्देशों के आधार पर प्रदेश के सभी जिलों को सतर्क रहने और इन्फ्लुएंजा तथा निमोनिया के मामलों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।

जिलों में नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने और रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, बेस अस्पतालों, संयुक्त चिकित्सालयों, सीएचसी और पीएचसी तक सभी चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

इन्फ्लुएंजा और निमोनिया रोगियों के उपचार के लिए पर्याप्त आइसोलेशन बेड एवं वार्ड, ऑक्सीजन बेड, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध रखने के निर्देश हैं।

इसके साथ ही अस्पतालों में ओसेल्टामिविर कैप्सूल और सिरप, आवश्यक एंटीबायोटिक्स, पीपीई किट, एन-95 मास्क और वीटीएम वायरल सहित जरूरी चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की पर्याप्त तैनाती पर भी विशेष जोर दिया गया है।

स्वास्थ्य सचिव ने आम जनता से भी सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को छींकते या खांसते समय नाक और मुंह रूमाल या टिश्यू से ढकने, साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोने तथा सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने की सलाह दी गई है।

इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (ILI) या गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (SARI) के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने और डॉक्टर की सलाह के बिना दवाइयों का सेवन न करने को कहा गया है।

बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आईडीएसपी और स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केंद्र (HEOC) उत्तराखंड के माध्यम से मौसमी इन्फ्लुएंजा की स्थिति की रियल टाइम निगरानी की जा रही है। किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को देने के निर्देश हैं।