देहरादून में भारी बारिश का अलर्ट, 20 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
देहरादून। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने 20 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और एनडीएमए के नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल से 19 अगस्त को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 20 अगस्त की दोपहर तक देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। मौसम को लेकर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन ने आशंका जताई है कि खराब मौसम के चलते जिले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है। ऐसे में आपदा न्यूनीकरण और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार 20 अगस्त को जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
खराब मौसम को देखते हुए अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।


