चमोली में THDC की टनल धंसी, 18-20 मजदूरों के फंसे होने की आशंका। आठ सुरक्षित निकाले
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (THDC) की टनल के भीतर अचानक मलबा और पानी आने से अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद टनल में काम कर रहे करीब 18 से 20 मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राहत की बात है कि अब तक आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टनल में राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। टनल के अंदर मलबे के साथ पानी भरने की सूचना है, जिसके कारण काम कर रहे मजदूरों और वाहनों के फंसने की बात सामने आई है।
NDRF और SDRF की टीमें मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF, SDRF और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बचाव दल टनल के अंदर पहुंचकर फंसे मजदूरों तक पहुंचने और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
CM धामी ने अधिकारियों से ली जानकारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि पीपलकोटी स्थित THDC टनल के भीतर मलबा और पानी आने की सूचना मिली है। घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और UKSDRF की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।
धामी ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना भी की है।
फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन की ओर से टनल में फंसे लोगों की स्थिति तथा बचाव अभियान से जुड़ी लगातार जानकारी जुटाई जा रही है।

