क्राइम अपडेट: कहीं कुदरत का कहर, कहीं सियासी टकराव और कहीं संगठन में घमासान, पढ़ें उत्तराखंड की बड़ी खबरें….

कहीं कुदरत का कहर, कहीं सियासी टकराव और कहीं संगठन में घमासान, पढ़ें उत्तराखंड की बड़ी खबरें….

देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को कई अहम घटनाक्रम सामने आए। पौड़ी में ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष पद को लेकर विवाद गहराया, तो चमोली की नीती घाटी में तमक नाले के उफान के बाद लापता बीआरओ कर्मचारी की तलाश जारी रही।

रुड़की में डाक कांवड़ के दौरान बाइक में आग लगने से हड़कंप मच गया। रुद्रपुर में स्कूटी सवार युवकों से मारपीट के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार हुआ और भाजपा ने अपने नेता को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

वहीं हल्द्वानी में कांग्रेस और पुलिस के बीच विवाद को लेकर भाजपा ने प्रदर्शन किया। दूसरी ओर ऋषिकेश में आठ वर्षीय बच्ची से यौन अपराध के मामले में अदालत ने आरोपी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।

पौड़ी में ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष पद को लेकर विवाद: विकासखंड पौड़ी में ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष पद को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष हरिमोहन जुयाल समेत कई प्रधानों ने जिलाधिकारी पौड़ी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है।

आरोप है कि कुछ प्रधानों से मनरेगा की समस्याओं के समाधान के नाम पर हस्ताक्षर करवाए गए और बाद में उन्हीं हस्ताक्षरों का कथित रूप से इस्तेमाल कर नए अध्यक्ष के चयन का दावा किया गया।

शिकायत में हस्ताक्षर और मुहरों के कथित दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने मामले की जांच डीपीआरओ पौड़ी को सौंपते हुए रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

तमक नाले में तबाही, लापता बीआरओ कर्मचारी की तलाश जारी: चमोली की नीती घाटी में सोमवार शाम भारी बारिश के बाद तमक नाले में आए उफान ने भारी तबाही मचाई। एक बीआरओ कर्मचारी के बहने की सूचना के बाद मंगलवार सुबह से पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

पानी का बहाव कम होने के बाद नाले के आसपास भारी मात्रा में मलबा और उसमें दबे वाहन नजर आए हैं। पुल और सड़क को भी नुकसान पहुंचा है। दुर्गम क्षेत्र और भारी मलबे के कारण रेस्क्यू टीमों के सामने चुनौती बनी हुई है। स्थानीय लोग भी खोज एवं बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

रुड़की में चलती बाइक बनी आग का गोला: डाक कांवड़ के दौरान रुड़की के नगला इमरती क्षेत्र में कांवड़िए की चलती बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी। बाइक सवार ने समय रहते उतरकर अपनी जान बचा ली।

पुलिस के अनुसार बाइक का साइलेंसर उतारे जाने के कारण आग लगने की आशंका है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने कांवड़ियों से वाहनों में किसी तरह का अवैध बदलाव न करने की अपील की है।

रुद्रपुर मारपीट मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भाजपा नेता निष्कासित: एलायंस कॉलोनी गेट के पास स्कूटी सवार युवकों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और फिर मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 7 अगस्त की रात हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वहीं मामले में भाजपा नेता पारस चुघ का नाम सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने उन्हें मंडल महामंत्री पद से मुक्त करते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

हल्द्वानी में कांग्रेस-पुलिस विवाद पर भाजपा का प्रदर्शन: हल्द्वानी में कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच एसएसपी कार्यालय में हुए कथित विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। भाजपा नेता शंकर कोरंगा के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया।

भाजपा ने कांग्रेस नेताओं पर पुलिस अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए डीजीपी के नाम एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आठ साल की बच्ची से यौन अपराध, आरोपी को 20 साल की सजा: ऋषिकेश में आठ वर्षीय बच्ची से यौन अपराध के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर कुल एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

अर्थदंड नहीं देने पर दो साल का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। अदालत ने पीड़िता को प्रतिकर के रूप में तीन लाख रुपये दिए जाने का भी आदेश दिया है। मामले में पीड़िता की गवाही को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना गया।

डीएनए रिपोर्ट का मिलान नहीं होने के बावजूद अदालत ने अन्य साक्ष्यों और पीड़िता की सुसंगत गवाही के आधार पर आरोपी को दोषी माना।