सड़क से मंदिर तक… हादसे, अपराध और कार्रवाई की बड़ी खबरें। आप भी पढ़ें….
हल्द्वानी। शहर के सबसे व्यस्त मंगल पड़ाव सिंधी चौराहे पर सड़क के बीचों-बीच बना गहरा धंसाव लगातार बढ़ता जा रहा है। नैनीताल रोड पर प्राचीन होलिका ग्राउंड के सामने बने इस गड्ढे से हर दिन हजारों वाहन गुजर रहे हैं, जिससे बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 20 दिन पहले बना छोटा धंसाव अब ब्लैक होल जैसी स्थिति में पहुंच गया है। सड़क के नीचे गूल होने के कारण लगातार धंसाव बढ़ रहा है और सड़क पर दरारें भी दिखाई देने लगी हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।
देहरादून: नकबजनी का खुलासा, चोरी की लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत शातिर गिरफ्तार
डालनवाला पुलिस ने इंदर रोड स्थित एक घर में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए आरोपी हसनैन उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और उसके खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
हरिद्वार: बैरियर तोड़ बाजार में घुसी कार, लोगों ने नशे में धुत युवकों की कर दी पिटाई
हरिद्वार के अपर बाजार में यूपी नंबर की एक स्विफ्ट कार पुलिस बैरियर तोड़कर भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस गई। आरोप है कि कार ने कई दोपहिया वाहनों और लोगों को टक्कर मार दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार रोककर चालक समेत अन्य युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। गुस्साई भीड़ ने कार में भी तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार चालक के नशे में होने की आशंका है और मामले की जांच की जा रही है।
बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण: प्रमोद नौटियाल की जमानत याचिका खारिज
बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी एवं कथित हेराफेरी मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय, चमोली ने मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की जमानत याचिका खारिज कर दी है। इसके बाद वह फिलहाल पुरसारी जिला कारागार में ही रहेंगे।
एसआईटी इस मामले में सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर और चढ़ावा अभिलेखों की जांच कर रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


