बिग ब्रेकिंग: उत्तरकाशी में भूकंप के झटकों से दहशत, भटवाड़ी के पिलंग जंगल रहा केंद्र

उत्तरकाशी में भूकंप के झटकों से दहशत, भटवाड़ी के पिलंग जंगल रहा केंद्र

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी विकासखंड और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 दर्ज की गई तथा इसका केंद्र भटवाड़ी तहसील के पिलंग गांव के जंगलों में जमीन से करीब 7 किलोमीटर की गहराई पर था।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि सभी तहसीलों और संबंधित विभागों से जानकारी जुटा ली गई है। कहीं से भी जनहानि, भवन क्षति या अन्य नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आपदा संबंधी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है और यहां समय-समय पर हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं।