SGRR इंटरनेशनल स्कूल सहसपुर पहुंचे सीएम धामी, शिक्षा और संस्कार की परंपरा की सराहना
- सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में विद्यार्थियों से किया संवाद, संस्थान के शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान को बताया राष्ट्र निर्माण की मिसाल
देहरादून। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) इंटरनेशनल स्कूल, सहसपुर पहुंचे।
विद्यालय परिवार ने मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा और पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन से विद्यालय परिसर उत्साह से भर उठा और विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार जन-जन तक पहुंचकर सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने श्री गुरु राम राय संस्थान की शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान समाज के हर वर्ग को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों के अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिभा की प्रशंसा की तथा बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर, दायित्वधारी रोहिला, पुनीत मित्तल तथा मुख्यमंत्री के सचिव वंशीधर तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सहाना रहमान ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और श्री दरबार साहिब का स्मृति-चिह्न भेंट किया। उन्होंने एसजीआरआर एजुकेशन मिशन की शैक्षणिक उपलब्धियों और समाजोपयोगी कार्यों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय के आधुनिक भवन, उत्कृष्ट अधोसंरचना और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाओं की सराहना की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया

