2027 चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, उत्तराखंड में जिला-महानगर कार्यकारिणियों का ऐलान
देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
पार्टी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की मंजूरी के बाद प्रदेश के विभिन्न जिला, महानगर, ब्लॉक और नगर कांग्रेस कमेटियों की नई कार्यकारिणी और अध्यक्षों की घोषणा कर दी है।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि घोषित कार्यकारिणी में पुरोला, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, देवप्रयाग, देहरादून महानगर, पछुवादून, हरिद्वार, रुड़की, रुद्रपुर, काशीपुर, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, डीडीहाट और चंपावत समेत कई जिलों एवं महानगरों की इकाइयां शामिल हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पार्टी ने विभिन्न ब्लॉक और नगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। इनमें पछुवादून के त्यूनी, चकराता, कालसी, ऋषिकेश, झबरेड़ा, पिरान कलियर, अल्मोड़ा, द्वाराहाट, भीमताल, रामगढ़, धारी, भिलंगना, अगस्त्यमुनि, डोईवाला, काशीपुर, पिथौरागढ़, डीडीहाट, बागेश्वर, रानीखेत, कालाढूंगी, पंतनगर, हरिद्वार, देवप्रयाग, चमोली, पौड़ी और कोटद्वार सहित कई क्षेत्रों में नए अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि सभी पदाधिकारी संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाते हुए अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
पार्टी ने यह भी संकेत दिया है कि जिन जिलों की कार्यकारिणी अभी घोषित नहीं हुई है, उनकी सूची भी जल्द जारी की जाएगी।

