क्राइम अपडेट: किशोर की हत्या, चोर गिरफ्तार, 256 मोबाइल बरामद, झील में मिला शव

किशोर की हत्या, चोर गिरफ्तार, 256 मोबाइल बरामद, झील में मिला शव

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को अपराध और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में मामूली विवाद के बाद 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

वहीं चंपावत पुलिस ने ज्वेलरी कारीगरों का चांदी लेकर फरार हुए दो आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर दिल्ली एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी ओर नैनीताल पुलिस ने साइबर सेल की मदद से 56.25 लाख रुपये कीमत के 256 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए। इसी बीच नैनीताल की नैनीझील में एक 45 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

रुद्रपुर में मामूली विवाद बना खूनी वारदात

उधम सिंह नगर के लालपुर चौकी क्षेत्र स्थित टिब्बा इलाके में गुरुवार शाम करीब पांच बजे दो युवकों के बीच कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। ट्रांजिट कैंप निवासी 17 वर्षीय विक्रांत बागी को आरोपी ने तमंचे से गोली मार दी।

गंभीर हालत में पहले जिला अस्पताल और फिर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

किशोर की मौत के बाद अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

चंपावत पुलिस की बड़ी सफलता, 24 घंटे में चोरी का खुलासा

चंपावत जिले के लोहाघाट में ज्वेलरी कारीगरों का 400 ग्राम चांदी लेकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दिल्ली एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के हावड़ा निवासी शाहिद अली मलिक और एसके सहाबुल हैं।

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी चांदी बरामद कर ली। एसपी रेखा यादव ने बताया कि पुलिस ने 100 प्रतिशत माल बरामद कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नैनीताल पुलिस ने लौटाई लोगों की मुस्कान

नैनीताल पुलिस की मोबाइल ऐप एवं साइबर सेल टीम ने अप्रैल से 24 जून 2026 के बीच दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 56.25 लाख रुपये मूल्य के 256 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।

बरामद मोबाइल देश के 12 राज्यों से तकनीकी जांच और IMEI ट्रैकिंग के माध्यम से हासिल किए गए। इस उपलब्धि पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।

नैनीझील में मिला युवक का शव

नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप शुक्रवार सुबह नैनीझील में एक युवक का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मल्लीताल बड़ा बाजार निवासी 45 वर्षीय मनीष के रूप में की।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक ने गुरुवार रात अपनी बहन को वीडियो कॉल कर आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात कही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।