राहुल गांधी की राजनीति पर बरसे सीएम धामी, 2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
राज्य अतिथि गृह में आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी सेना और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे संवेदनशील विषयों पर सबूत मांगते रहे हैं, जबकि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक रूप से भाजपा और प्रधानमंत्री का विरोध किया जा सकता है, लेकिन सेना के खिलाफ बयानबाजी समझ से परे है।
कैंची धाम के जाम से जल्द मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री धामी ने कैंची धाम क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को सरकार के सामने बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए नई सड़कों और वैकल्पिक मार्गों के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है।
सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिले। उन्होंने यह भी बताया कि चारधाम यात्रा मार्गों के साथ-साथ कैंची धाम समेत प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
जल्द मिलेगा नया लोकायुक्त
लोकायुक्त की नियुक्ति के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा गठित समितियों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही उत्तराखंड को नया लोकायुक्त मिलने जा रहा है। उन्होंने इसे सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पर्यावरण संरक्षण पर दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हिमालय, गंगा और यमुना जैसी प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा करना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है।
2027 चुनाव में फिर भाजपा की वापसी का दावा
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भाजपा लगातार जनता की सेवा कर रही है और प्रदेश की जनता आगे भी पार्टी को अपना आशीर्वाद देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।


