दून पुलिस और राजस्थान के बदमाशों में मुठभेड़, एक घायल समेत दो गिरफ्तार
देहरादून। राजधानी देहरादून में गुरुवार तड़के दून पुलिस और राजस्थान के शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
जानकारी के मुताबिक नयागांव क्षेत्र में बैरियर तोड़कर भाग रहे बदमाशों का पुलिस ने पीछा किया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान रिंकू मीणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या सहित कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दून पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

