बारिश, ओलावृष्टि, बर्फबारी का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी। यात्रियों को सतर्कता बरतने की सलाह
देहरादून। उत्तराखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ओलावृष्टि और तेज मौसम गतिविधियों को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत, हरिद्वार और उधम सिंह नगर समेत अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
हल्द्वानी समेत कई इलाकों में बारिश से मिली राहत
शनिवार को सुबह तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। नैनीताल जिले के हल्द्वानी समेत कई स्थानों पर दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और बादलों की घेराबंदी के बाद करीब डेढ़ घंटे तक जोरदार बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
केदारनाथ धाम में ताजा बर्फबारी
प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का असर और अधिक देखने को मिला। केदारनाथ धाम सहित 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
तापमान में आई गिरावट
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है।
- देहरादून: अधिकतम 33.8°C, न्यूनतम 17.0°C
- पंतनगर: अधिकतम 35.4°C, न्यूनतम 23.9°C
- मुक्तेश्वर: अधिकतम 20.2°C, न्यूनतम 9.5°C
- नई टिहरी: अधिकतम 25.2°C, न्यूनतम 10.5°C
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर प्रशासन हाई अलर्ट पर
रुद्रप्रयाग जिले में मौसम विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने सोनप्रयाग, गौरीकुंड और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश जारी किए हैं। मौसम सामान्य होने तक श्रद्धालुओं को निकटतम होल्डिंग स्थलों और सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा मार्ग पर पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट, DDRF, SDRF, NDRF तथा अन्य विभागीय टीमें पूरी सतर्कता के साथ तैनात हैं। साथ ही किसी भी भूस्खलन, सड़क अवरोध या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को देने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून की दस्तक करीब
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले चार से पांच दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, जिससे उत्तराखंड में भी मौसम गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने, प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।
आपातकालीन सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर: 8958757335, 8218326386
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का प्रभाव बना रह सकता है। ऐसे में विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

