UKSSSC चालक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न। 80.81% अभ्यर्थी हुए शामिल, AI और CCTV से हुई निगरानी
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक पदों के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगी परीक्षा रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।
आयोग के अनुसार परीक्षा राज्य के देहरादून और नैनीताल जनपदों के कुल 33 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की गई।
आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 13,674 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 11,050 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस प्रकार परीक्षा में 80.81 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की थी।
परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और जैमर के संचालन की मॉक ड्रिल कराई गई। वहीं परीक्षा के सफल संचालन के लिए आयोग मुख्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया।
कंट्रोल रूम में आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया, सदस्य श्याम सुंदर सिंह रौतेला, सचिव एन.एस. डुंगरियाल, परीक्षा नियंत्रक लक्ष्मी राज चौहान सहित बायोमेट्रिक सेवा प्रदाता के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
यहां से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग आयोग द्वारा स्थापित कैमरों और नवीनतम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के माध्यम से की गई।
निगरानी के दौरान कुछ असामान्य गतिविधियां भी सामने आईं। आयोग के अनुसार दो अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान असाधारण प्रकार की जैकेट पहने हुए पाए गए।
सुरक्षा मानकों के तहत उनकी जैकेट उतरवाकर दोबारा तलाशी (फ्रिस्किंग) ली गई, जिसके बाद उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई।
इसके अलावा एक परीक्षा केंद्र परिसर में अनधिकृत रूप से खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पाई गई, जिसे तत्काल प्रभाव से केंद्र परिसर से हटवा दिया गया।
आयोग ने बताया कि लाइव निगरानी, जैमर, सीसीटीवी और AI आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली की मदद से परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
परीक्षा के सफल आयोजन पर आयोग ने सभी केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों, जिला प्रशासन, आयोग प्रतिनिधियों, सेवा प्रदाताओं तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

