अपराध से जुड़ी 08 बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच कई बड़े मामलों का खुलासा हुआ है।
हरिद्वार में पाकिस्तानी गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े चार लोगों की गिरफ्तारी, रुड़की में पाकिस्तान के जरिए करोड़ों के ट्रांजेक्शन मामले में युवती की गिरफ्तारी, खटीमा में कथित धर्मांतरण गिरोह पर कार्रवाई और पिथौरागढ़ में चाइल्ड पोर्नोग्राफी सामग्री शेयर करने के आरोप में युवक की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
वहीं उत्तरकाशी, किच्छा और मसूरी में आग और सड़क हादसों की घटनाओं ने भी लोगों को झकझोर दिया है।
पाकिस्तानी गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े चार गिरफ्तार
हरिद्वार जिले से जुड़े एक मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने सहारनपुर से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग पिछले छह महीने से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के संपर्क में थे।
जांच में सामने आया कि संपर्क इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों में हरिद्वार के ढंढेरा गांव निवासी मुशर्रफ भी शामिल है। एजेंसियों को आशंका है कि इनका नेटवर्क उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड तक फैला हुआ था।
रुड़की में करोड़ों के ट्रांजेक्शन मामले में युवती गिरफ्तार
हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से आसफनगर गांव की एक युवती को गिरफ्तार किया है।
युवती पर पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के लेन-देन में शामिल होने का आरोप है। जांच में सामने आया कि युवती का बैंक खाता कथित तौर पर “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस मामले में ट्रांजिट रिमांड लेकर युवती को जम्मू-कश्मीर ले गई है।
खटीमा में कथित धर्मांतरण गिरोह पर कार्रवाई
उधम सिंह नगर के खटीमा में पुलिस ने कथित धर्मांतरण के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पैसों, इलाज और बेहतर जीवन का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे।
आरोपियों के मोबाइल फोन से कथित प्रार्थना सभाओं की फोटो, वीडियो और लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
उत्तरकाशी में जंगल और मकान में आग
उत्तरकाशी के बड़ेथी क्षेत्र में देर रात जंगल में भीषण आग लग गई, जिसकी लपटें गंगोत्री हाईवे और आबादी तक पहुंच गईं। फायर सर्विस टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और एक गेस्ट हाउस में ठहरे करीब 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं ग्राम गौरसाली में एक आवासीय मकान में लगी आग में दो मवेशियों की मौत हो गई।
किच्छा में गैस सिलेंडर लीकेज से चार झुलसे
रुद्रपुर जिले के किच्छा में गैस सिलेंडर लीकेज से लगी आग में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा कमर्शियल गैस एजेंसी परिसर में बने कमरे में हुआ। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। लोगों का कहना है कि यदि आग अन्य सिलेंडरों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मसूरी में टैंकर खाई में गिरा, चालक की मौत
मसूरी-देहरादून मार्ग पर गज्जी बैंड के पास पानी से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक अक्षय असवाल की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने सड़क पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अवैध शराब बरामद
रुद्रप्रयाग पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खच्चरों के चारे में छिपाकर ले जाई जा रही 494 बोतल अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पिकअप वाहन सीज कर दिया है। बरामद शराब की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
पिथौरागढ़ में चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले में गिरफ्तारी
पिथौरागढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी सामग्री शेयर करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक सामग्री और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

