बिग ब्रेकिंग: तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आज पहुंचेंगे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन। यह रहा पूरा शेड्यूल….

तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आज पहुंचेंगे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन। यह रहा पूरा शेड्यूल….

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड पहुंच रहे नितिन नबीन का तीन दिवसीय दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन और सरकार के बीच समन्वय, बूथ स्तर की मजबूती और चुनावी रणनीति पर मंथन इस दौरे का मुख्य केंद्र रहेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय को विशेष रूप से सजाया गया है और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

कार्यक्रम के अनुसार नितिन नबीन बुधवार शाम करीब 6 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले वह भाजपा की कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश मंत्रिमंडल के साथ अलग बैठक में संगठन और सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।

दौरे के दूसरे दिन 29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास जाकर उनके परिजनों से भी भेंट करेंगे।

इसके बाद बीजापुर गेस्ट हाउस में सांसदों और विधायकों के साथ बैठक आयोजित होगी। वहीं प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ अलग-अलग सत्रों में संगठनात्मक समीक्षा की जाएगी। शाम को मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और पार्टी प्रवक्ताओं के साथ भी रणनीतिक बैठक प्रस्तावित है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में भी शामिल होंगे। दौरे के तीसरे दिन बूथ समितियों, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठकें होंगी। इसके अलावा दायित्वधारियों के साथ भी संगठनात्मक चर्चा की जाएगी।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से बेहद अहम है।

उन्होंने कहा कि नितिन नबीन कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने के साथ संगठन की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। बूथ स्तर तक संवाद स्थापित कर चुनावी रणनीति को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी द्वारा कराया जाने वाला विधायकों का सर्वे टिकट काटने के लिए नहीं बल्कि जनप्रतिनिधियों के कार्यों की समीक्षा के लिए होता है। पार्टी संगठन लगातार फीडबैक के आधार पर अपनी रणनीतियों को मजबूत कर रहा है।

भाजपा के भीतर इस दौरे को संगठनात्मक मजबूती, चुनावी तैयारी और कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने की दिशा में एक बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।