SGRR एजुकेशन मिशन की मेगा शिक्षक भर्ती में उमड़ा युवाओं का जनसैलाब
- उत्तर भारत के कई राज्यों से पहुंचे हजारों अभ्यर्थी
- 100 से अधिक स्कूलों के लिए चल रही चयन प्रक्रिया
देहरादून। श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) एजुकेशन मिशन द्वारा आयोजित मेगा शिक्षक भर्ती अभियान में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
मिशन के 100 से अधिक स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आयोजित चार दिवसीय चयन प्रक्रिया में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से हजारों अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। यह भर्ती प्रक्रिया 26 मई से शुरू होकर 29 मई तक चलेगी।
एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, तालाब शाखा परिसर में आयोजित चयन प्रक्रिया में प्रतिदिन करीब 1300 से अधिक अभ्यर्थी लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में शामिल हो रहे हैं। अनुमान है कि पूरे अभियान में लगभग 5500 अभ्यर्थी भाग लेंगे। सुबह से ही स्कूल परिसर में अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित बनाया गया है। चयन के लिए 80 अंकों की लिखित परीक्षा और 20 अंकों का साक्षात्कार रखा गया है। लिखित परीक्षा में विषय ज्ञान, विश्लेषण क्षमता और प्रस्तुतीकरण कौशल का मूल्यांकन किया जा रहा है। मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जा रहा है।
एसजीआरआर एजुकेशन मिशन की ओर से परीक्षा के दिन ही मूल्यांकन, इंटरव्यू और परिणाम घोषित करने की व्यवस्था भी की गई है। अभ्यर्थियों ने इस त्वरित और पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना करते हुए मिशन प्रबंधन का आभार जताया।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई राज्यों से पहुंचे युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षाविदों और विषय विशेषज्ञों की टीम भी तैनात की गई है।
परीक्षा आयोजन समिति ने बताया कि यदि कोई अभ्यर्थी अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं है तो वह पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है। ऐसे मामलों की विशेषज्ञ समिति द्वारा ऑन-कैमरा समीक्षा की जाएगी।
एसजीआरआर एजुकेशन मिशन लगातार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह भर्ती अभियान शिक्षा क्षेत्र में नई संभावनाओं और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

