उत्तराखंड में दो दिन और सताएगी चिलचिलाती धूप, फिर बदल सकता है मौसम
देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज धूप और बढ़ती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
उल्टा तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 20 मई के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जिससे पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई है। अगले दो दिनों तक भी किसी बड़े मौसमीय सिस्टम के सक्रिय न होने के कारण बारिश की संभावना बेहद कम है।
उन्होंने बताया कि 20 से 24 मई के बीच पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
तापमान बढ़ने से वनाग्नि का खतरा बढ़ा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही प्रदेश में वनाग्नि की घटनाओं में भी इजाफा हो सकता है। डॉ. सीएस तोमर ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश का तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर चल रहा है और अगले दो-तीन दिनों में इसमें और बढ़ोतरी संभव है।
ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है, वहीं वन विभाग को भी जंगलों में आग की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।
अप्रैल के अंतिम सप्ताह में दिखा था गर्मी का असर
हालांकि इस वर्ष उत्तराखंड में अभी तक अत्यधिक गर्मी का प्रभाव देखने को नहीं मिला है, लेकिन अप्रैल के अंतिम सप्ताह में तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप ने लोगों को काफी परेशान किया था। वर्तमान में भी दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
जून के तीसरे सप्ताह में मानसून की दस्तक संभव
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में इस बार मानसून 20 से 25 जून के बीच प्रवेश कर सकता है। मानसून की समय पर दस्तक से गर्मी से राहत मिलने के साथ ही कृषि गतिविधियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

