स्कूल में सेक्स रैकेट, जंगल में शव और वन तस्करी। एक दिन में कई बड़े खुलासे, पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में अपराध, अवैध कारोबार और प्रशासनिक लापरवाही से जुड़े कई बड़े मामलों ने एक साथ सनसनी फैला दी है।
राजधानी देहरादून में स्कूल परिसर में चल रहे सेक्स रैकेट के खुलासे से लेकर रुद्रपुर में 10 लाख रुपये की अवैध खैर लकड़ी बरामदगी, उत्तरकाशी में पिरूल प्लांट में भीषण आग, नैनीताल जिले में अवैध होमस्टे पर कार्रवाई और रानीखेत में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने तक कई घटनाओं ने प्रशासन को अलर्ट मोड में ला दिया है।
स्कूल परिसर में सेक्स रैकेट, रेट लिस्ट और HIV दवाइयों से सनसनी
देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल परिसर में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने हिंदू संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से खुलासा किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया।
मौके से बरामद रजिस्टर में लड़कियों के नाम, ग्राहकों की संख्या और रेट लिस्ट दर्ज मिली। जांच में “फुल नाइट” के लिए 6500 रुपये तक की एंट्री सामने आई है।
मामले को और गंभीर तब माना गया जब कमरे से HIV से जुड़ी दवाइयां भी बरामद हुईं। पुलिस ने दवाइयों को जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अन्य राज्यों की जरूरतमंद महिलाओं को काम दिलाने के बहाने देहरादून लाकर देह व्यापार में धकेलते थे। पुलिस अब मकान मालिक और किरायेदार सत्यापन में लापरवाही की भी जांच कर रही है।
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत 10 लाख की खैर लकड़ी बरामद
उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नहर में पलटी होंडा सिटी कार से 46 पीस अवैध खैर की लकड़ी बरामद की। बरामद लकड़ी की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था, तभी कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला समेत दो नशा तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 594 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और 35 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उत्तरकाशी में पिरूल प्लांट में भीषण आग
उत्तरकाशी जिले के चकोन गांव स्थित महावीर गंगाडी के पिरूल प्लांट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना में प्लांट की मशीनें, पिरूल पाउडर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री से आग फैलने की जताई जा रही है।
नैनीताल में अवैध होमस्टे पर प्रशासन का शिकंजा
नैनीताल जिले में अवैध और नियमों के विपरीत संचालित होमस्टे पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान में 238 होमस्टे की जांच की गई, जिनमें 35 बिना पंजीकरण और 123 मानकों के विपरीत संचालित पाए गए।
प्रशासन को कई स्थानों पर होमस्टे की आड़ में होटल संचालन की शिकायतें मिलीं। निरीक्षण के दौरान पार्किंग, किराया सूची, पर्यटक रिकॉर्ड और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। प्रशासन ने साफ किया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रानीखेत में संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से सनसनी
अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र में चिलियानौला स्थित जंगल में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की पहचान जितेंद्र सिंह (30) निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है, जो कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर में सिविल डिफेंस के तहत कार्यरत था।
शव पाइप के सहारे जैकेट से लटका मिला, जबकि शरीर घुटनों के बल स्थिति में था, जिससे घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

