UP के मदरसे में मिला ‘Made in Pakistan’ पंखा, तस्वीर वायरल होते ही मचा हड़कंप
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक मदरसे से कथित तौर पर ‘Made in Pakistan’ लिखा पंखा मिलने के बाद हड़कंप मच गया।
सोशल मीडिया पर पंखे की तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई और मदरसा प्रबंधन से जुड़े दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। हालांकि जांच के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला कुशीनगर जिले के विष्णुपुर थाना क्षेत्र स्थित कादरिया हकीकतुल-उलूम मदरसा का है। बताया जा रहा है कि मदरसे में लगा एक पंखा खराब हो गया था, जिसे ठीक कराने के लिए बाहर से एक इलेक्ट्रीशियन बुलाया गया।
मरम्मत के दौरान पंखे पर ‘Made in Pakistan’ लिखा दिखाई दिया। इसकी तस्वीर देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए जांच की मांग की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केशव कुमार ने कहा कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी कि कथित पाकिस्तानी सामान भारत में कैसे पहुंचा।
जांच के दौरान पुलिस ने मदरसा प्रबंधक समेत दो लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संबंधित पंखा सऊदी अरब से खरीदा गया था। इसके बाद पूछताछ के लिए लाए गए दोनों लोगों को रिहा कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल तस्वीर की सत्यता से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

