वीडियो: डीजे की आवाज से हुआ बवाल। महमूदपुर में दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी

डीजे की आवाज से हुआ बवाल। महमूदपुर में दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी

  • रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में मामूली विवाद ने लिया उग्र रूप, कई घायल, गांव में पुलिस तैनात

रिपोर्ट- सलमान मलिक
रुड़की के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गाँव में डीजे की आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। खुशियों के माहौल में चल रहा एक पारिवारिक समारोह अचानक तनाव में तब्दील हो गया, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी बढ़कर पथराव तक पहुंच गई।

देखें वीडियो:-

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात गांव में एक समारोह के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जो रातभर सुलगता रहा।

गुरुवार सुबह होते-होते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और छतों व गलियों से एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि लोग खुलेआम एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे हैं। इस हिंसक झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है, हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात बिगड़ते देख आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया और उपद्रवियों को खदेड़ा।

फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आखिर छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा समाज के लिए कितनी खतरनाक साबित हो सकती है? यह घटना एक बार फिर इस सवाल को खड़ा करती है कि सहनशीलता की कमी कहीं बड़े संकट का संकेत तो नहीं।