बिग ब्रेकिंग: जनगणना कार्य में लापरवाही पर मसूरी के ओक ग्रोव स्कूल के प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस

जनगणना कार्य में लापरवाही पर मसूरी के ओक ग्रोव स्कूल के प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस

मसूरी। जनगणना 2027 के तहत सौंपे गए महत्वपूर्ण दायित्वों में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिशासी अधिकारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी भौरव भसीन ने ओक ग्रोव स्कूल, झड़ीपानी के प्रधानाचार्य नरेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नोटिस के अनुसार, जनगणना अधिनियम 1948 के तहत प्रगणक और सुपरवाइजर के रूप में तैनात किए गए शिक्षकों को 6 अप्रैल 2026 को पालिका कार्यालय में उपस्थित होकर एचएलबी आवंटन और तीन दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद 9 अप्रैल तक स्कूल की ओर से कोई भी शिक्षक उपस्थित नहीं हुआ।

प्रशासन ने इसे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बाधा और अधिनियम के निर्देशों की अवहेलना माना है। इस लापरवाही पर उच्च अधिकारियों ने भी नाराजगी जताई है।

नोटिस में प्रधानाचार्य से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 222 व 223 के तहत आपराधिक कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।