हरिद्वार में देह व्यापार का भंडाफोड़, जीजा-साली समेत तीन गिरफ्तार, युवती मुक्त
देहरादून। हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराए के मकान में चल रहे अवैध धंधे का पर्दाफाश किया है।
रानीपुर कोतवाली पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर जीजा-साली समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 18 वर्षीय युवती को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की हृदय विहार कॉलोनी, सलेमपुर स्थित एक मकान में देह व्यापार कराए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना पर एसएसपी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने शनिवार को मकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कमरे में आपत्तिजनक हालत में लोग मिले, जिसके बाद पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में इरफान (40), चांदनी (29) और सोफियान (24) शामिल हैं। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश की एक 18 वर्षीय युवती को भी मुक्त कराया, जिससे कथित तौर पर जबरन वेश्यावृत्ति कराई जा रही थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो लिफाफों में आपत्तिजनक सामग्री, चार मोबाइल फोन, तीन चार्जर, देह व्यापार से अर्जित लगभग 3000 रुपये की नकदी और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले कई दिनों से किराए के मकान में यह अवैध गतिविधि चला रहे थे। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद छापेमारी की गई और तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश कर दिया गया है। वहीं मुक्त कराई गई युवती को आवश्यक कानूनी और परामर्श प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- इरफान पुत्र महमूद, निवासी ग्राम व थाना कलियर, हरिद्वार (40 वर्ष)
- सोफियान पुत्र साजिद, निवासी ग्राम महमूदपुर थाना पीरान कलियर, हरिद्वार (24 वर्ष)
- चांदनी, निवासी थाना कलियर, हरिद्वार (29 वर्ष)
बरामद सामान
- दो लिफाफों में आपत्तिजनक सामग्री
- चार मोबाइल फोन और तीन चार्जर
- ₹3000 नकद
- एक वैगनआर कार



