देहरादून में LPG कालाबाजारी पर सख्ती। अवैध संग्रहण पर सीधे जेल, 14 घरेलू सिलेंडर जब्त
देहरादून। जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध संग्रहण पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी Savindr Bansal ने स्पष्ट किया है कि गैस का अवैध भंडारण, कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ Essential Commodities Act 1955 और Bharatiya Nyaya Sanhita के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के ऋषिपर्णा सभागार में तेल कंपनियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर जिले में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में निर्देश दिए गए कि गैस वितरण में सबसे पहले घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए और होम डिलीवरी ओटीपी आधारित प्रणाली से सुनिश्चित की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
गैस शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
एलपीजी वितरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। नागरिक 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी रोजाना एक घंटे तक आपदा कंट्रोल रूम में तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकर गैस आपूर्ति और शिकायतों की समीक्षा करेंगे।
अवैध उपयोग पर छापेमारी, एजेंसियां सील होंगी
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों के साथ गैस एजेंसियों के स्टॉक, वितरण और बैकलॉग की जांच करें।
यदि कहीं गैस वितरण में अनियमितता, अवैध संग्रहण, बाहरी बिचौलियों की संलिप्तता या अवैध रिफिलिंग पाई जाती है तो संबंधित गैस एजेंसी को तुरंत सील किया जाएगा। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का एक्शन शुरू, 14 सिलेंडर जब्त
प्रशासन की कार्रवाई के तहत डोईवाला में 2 और विकासनगर में 12 घरेलू गैस सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में पाए जाने पर जब्त किए गए हैं।
बुकिंग व्यवस्था में बदलाव
अधिक बुकिंग और उपभोक्ताओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने फैसला लिया है कि अब गैस सिलेंडर की मैन्युअल बुकिंग भी की जा सकेगी।
बुकिंग डिस्ट्रीब्यूटरशिप या डिलीवरीमैन ऐप के माध्यम से की जा सकेगी, जबकि डिलीवरी OTP (DAC) के जरिए मैन्युअली भी की जा सकेगी। दो दिनों से अधिक समय से लंबित ऑनलाइन बुकिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
72 गैस एजेंसियां प्रशासन के रडार पर
जिले में संचालित सभी 72 गैस एजेंसियों के गोदाम प्रशासन की निगरानी में हैं। वर्तमान में इन एजेंसियों के माध्यम से करीब 7.81 लाख घरेलू और 19,624 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जाती है।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग न करें, क्योंकि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।



