क्राइम अपडेट: चोरी, हादसा, हनीट्रैप और साइबर ठगी के कई मामले आए सामने। एक क्लिक में पढ़ें….

चोरी, हादसा, हनीट्रैप और साइबर ठगी के कई मामले आए सामने। एक क्लिक में पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में अपराध, सड़क हादसे और साइबर ठगी के कई मामले सामने आए हैं। हल्द्वानी में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि रुद्रपुर में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई।

वहीं रुद्रपुर में हनीट्रैप और साइबर ठगी के मामलों ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दूसरी ओर देहरादून में उपभोक्ता आयोग ने एसबीआई को बड़ी रकम का हर्जाना भरने का आदेश दिया है, जबकि हरिद्वार में वन विभाग ने गड्ढे में गिरे गुलदार का रेस्क्यू किया।

हल्द्वानी पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतरराज्यीय चोर

हल्द्वानी में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस टीम ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।

आरोपी के पास से चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और एक देशी पिस्टल के साथ दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कवि बिष्ट (33 वर्ष) निवासी गोलू माजरा डेरावसी, मोहाली (चंडीगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ उत्तराखंड, चंडीगढ़ और हरियाणा के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और झपटमारी के 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

रुद्रपुर में सड़क हादसा, एक युवक की मौत

उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में काशीपुर मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 24 वर्षीय संजीव की मौत हो गई।

अन्य तीन युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

रुद्रपुर में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला

रुद्रपुर में हनीट्रैप का मामला भी सामने आया है। रामपुर निवासी एक युवक को दोस्ती के बहाने रुद्रपुर बुलाकर कुछ लोगों ने बंधक बना लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाई और आठ लाख रुपये की मांग करते हुए ब्लैकमेल किया। साथ ही उसके पर्स से 14,500 रुपये भी छीन लिए। ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर ठगों ने उड़ाए 1.79 लाख रुपये

रुद्रपुर में ही साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। ठगों ने एसबीआई बैंक का फर्जी कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति को फोन किया और उसका क्रेडिट कार्ड बंद होने की बात कहकर मोबाइल में फर्जी एप्लीकेशन डाउनलोड करवा ली।

इसके बाद कार्ड की जानकारी हासिल कर दो ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,79,985 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसबीआई को भरना होगा 1.49 लाख रुपये हर्जाना

देहरादून में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को एक उपभोक्ता को 1.49 लाख रुपये का हर्जाना देने का आदेश दिया है।

मामला एटीएम से पैसे न निकलने के बावजूद खाते से 20 हजार रुपये डेबिट होने का था। आयोग ने कहा कि बैंक ट्रांजेक्शन के ठोस सबूत पेश नहीं कर पाया, इसलिए उपभोक्ता को मुआवजा दिया जाए।

गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में 6 आरोपियों पर एनबीडब्ल्यू

देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार तीन शूटर और तीन साजिशकर्ताओं समेत कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है।

इन सभी पर पहले ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। पुलिस की अलग-अलग टीमें झारखंड, दिल्ली और बंगाल में दबिश दे रही हैं।

हरिद्वार में गड्ढे में गिरा गुलदार, रेस्क्यू कर बचाया

हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र में एक गुलदार 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पशु चिकित्सकों की मदद से गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर करीब दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में उसे चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया।