बिग ब्रेकिंग: देहरादून में निकली ऐतिहासिक नगर परिक्रमा, 25 हजार संगतों पर हुई पुष्प वर्षा

देहरादून में निकली ऐतिहासिक नगर परिक्रमा, 25 हजार संगतों पर हुई पुष्प वर्षा

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज देहरादून के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में मंगलवार को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा निकाली गई।

सुबह 7:30 बजे श्री दरबार साहिब से शुरू हुई इस परिक्रमा में करीब 25 हजार संगतों ने हिस्सा लिया। पूरे शहर में जगह-जगह दूनवासियों ने पुष्प वर्षा कर संगतों का जोरदार स्वागत किया।

नगर परिक्रमा कांवली रोड, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल, तिलक रोड, टैगोर विला और घण्टाघर से होते हुए पल्टन बाजार, लक्खीबाग पुलिस चौकी, रीठा मंडी और बॉम्बे बाग स्थित,

श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल तक पहुंची। रास्ते भर भजन-कीर्तन और गुरु महाराज के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।

घण्टाघर पर नगर परिक्रमा पहुंचने पर हजारों श्रद्धालु गुरु संगत के स्वागत के लिए उमड़ पड़े। ढोल-नगाड़ों की थाप और फूलों की बारिश के बीच श्रद्धालु गुरु महाराज के जयकारे लगाते रहे। दोपहर करीब 11:45 बजे नगर परिक्रमा वापस श्री दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगत को आशीर्वाद देते हुए कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने देहरादून आते हैं।

दूनवासियों द्वारा प्रेम, स्नेह और सद्भावना के साथ किया गया स्वागत संगतों को भाव-विभोर कर देता है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन में सहयोग के लिए प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, मीडियाकर्मियों और सभी नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

शाम 5 बजे मसंदों और संगत की विदाई हुई, जबकि शाम 6 बजे खुशी का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद वितरण के बाद अन्य राज्यों से आई अधिकांश संगतें अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गईं।