बड़ी घटनाएं: हरिद्वार में भालू की दहशत, रुद्रपुर में घरेलू विवाद में मारपीट, काशीपुर में स्मैक तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार में भालू की दहशत, रुद्रपुर में घरेलू विवाद में मारपीट, काशीपुर में स्मैक तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से रविवार को तीन अहम घटनाएं सामने आई हैं। हरिद्वार के लालढांग क्षेत्र में जहां जंगली भालू की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई, वहीं रुद्रपुर में घरेलू विवाद के चलते एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

उधर काशीपुर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान स्मैक के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर नशे के कारोबार पर कार्रवाई की है।

लालढांग में भालू से दहशत

हरिद्वार के लालढांग क्षेत्र में गुलदार और हाथियों के बाद अब जंगली भालू की दस्तक से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है। राजाजी टाइगर रिजर्व की रवासन यूनिट से सटे रसूलपुर गांव के पास दिनदहाड़े भालू दिखाई दिया।

ग्रामीणों ने भालू को आबादी के पास घूमते देखा और उसका वीडियो भी मोबाइल में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सूचना मिलते ही राजाजी टाइगर रिजर्व की रवासन यूनिट के रेंजर दीपक रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद भालू को जंगल की ओर खदेड़ दिया।

वन विभाग के अनुसार भालू संभवतः मधुमक्खी पालन की पेटियों में शहद की तलाश में आबादी के पास पहुंचा था। फिलहाल टीम भालू की गतिविधियों पर नजर रख रही है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

रुद्रपुर में पति पर मारपीट का आरोप

उधर उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर रास्ते में रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पीड़िता के अनुसार उसने करीब एक वर्ष पहले अपने पति के खिलाफ दहेज मांगने का मामला दर्ज कराया था और तब से वह अलग रह रही है। महिला का आरोप है कि रास्ते में पति ने उसे रोककर गाली-गलौज की और डंडे व धारदार वस्तु से मारपीट की, जिससे उसके गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।

ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

काशीपुर में स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

वहीं काशीपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक व्यक्ति को 9.98 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 1200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान डिजाइन सेंटर के पास कविनगर की ओर जाने वाली गली में संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर यह बरामदगी हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज खान (44) निवासी मोहल्ला अल्ली खां, काशीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।