बड़ी खबर: मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, चार वाहनों की टक्कर के बाद बस समेत कई गाड़ियों में लगी आग

मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, चार वाहनों की टक्कर के बाद बस समेत कई गाड़ियों में लगी आग

हरिद्वार। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई। मोतीचूर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार से आ रहे चार वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद बस समेत कई वाहनों में आग लग गई।

आग इतनी भयावह थी कि मौके पर ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं और फ्लाईओवर पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में एक महिला समेत दो लोगों के शव मिलने की बात सामने आई है, हालांकि हरिद्वार पुलिस ने फिलहाल एक महिला की मौत की पुष्टि की है।

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार (8 मार्च) देर रात मोतीचूर फ्लाईओवर पर तेज गति से जा रहे चार वाहन आपस में टकरा गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार का सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते बस समेत कई वाहन आग की चपेट में आ गए।

रोडवेज बस जलकर खाक

आग लगने से उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे के बाद फ्लाईओवर के दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

जाम की वजह से रायवाला से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय पर मौके तक नहीं पहुंच सकीं, हालांकि हरिद्वार से फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं।

15 एंबुलेंस मौके पर, 9 किलोमीटर लंबा जाम

घटना के बाद लगभग 15 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर करीब 9 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

चार वाहनों की टक्कर से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि हादसे में एक ट्रक, एक एसयूवी कार, एक डंपर और एक बस शामिल थीं। टक्कर के बाद लगी आग ने कुछ ही मिनटों में कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।