बिग ब्रेकिंग: तेहरान में धमाकों के बीच बड़ा ऐलान, मुजतबा खामेनेई को मिली सुप्रीम लीडर की जिम्मेदारी

तेहरान में धमाकों के बीच बड़ा ऐलान, मुजतबा खामेनेई को मिली सुप्रीम लीडर की जिम्मेदारी

तेहरान। अमेरिका और इजराइल के साथ बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान में बड़ा राजनीतिक फैसला सामने आया है। दिवंगत आयतुल्लाह अली खामेनेई के बेटे सैय्यद मुजतबा अली खामेनेई को इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का नया सुप्रीम लीडर नियुक्त किया गया है।

ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने एक्स पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। पोस्ट में कहा गया कि ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने मुजतबा खामेनेई को देश का नया सर्वोच्च नेता चुन लिया है।

असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने एकता की अपील की

रिपोर्ट के अनुसार, असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने ईरानी जनता से अपील की है कि वे राष्ट्रीय एकता बनाए रखें और नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के साथ खड़े रहें।

मुजतबा खामेनेई, दिवंगत आयतुल्लाह अली खामेनेई के दूसरे बेटे हैं। उनकी नियुक्ति के बाद ईरान में कई जगहों पर जश्न का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और नए नेता के समर्थन में नारे लगाए।

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) और आर्म्ड फोर्सेज के जनरल स्टाफ ने भी मुजतबा खामेनेई के प्रति अपनी वफादारी जताई है।

राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने किया स्वागत

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक उन्होंने कहा कि यह फैसला देश के लिए “गरिमा और ताकत के नए दौर” की शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव ईरान की राष्ट्रीय एकता को मजबूत करेगा और देश को दुश्मनों की साजिशों का सामना करने की शक्ति देगा।

तेहरान में धमाकों की आवाजें

इस बीच ईरान की राजधानी तेहरान में हमलों की खबरें भी सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक मुजतबा खामेनेई को सुप्रीम लीडर चुने जाने के बाद शहर में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। मिडिल-ईस्ट में जारी इस संघर्ष के कारण क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल

मध्य-पूर्व में बढ़ते संघर्ष का असर वैश्विक बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। ब्रेंट क्रूड की कीमत बढ़कर 108.77 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है, जो कोविड-19 महामारी के बाद का उच्चतम स्तर माना जा रहा है।

पिछले सप्ताह के मुकाबले इसमें लगभग 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आवाजाही लगभग ठप हो गई है।

ईरानी जवाबी हमलों में मौत

उधर, ईरानी जवाबी कार्रवाई में सऊदी अरब के अल-खारज में दो लोगों की मौत की खबर है।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई में अब तक आठ अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है।