क्राइम अपडेट: हल्द्वानी में दुष्कर्म की कोशिश, रुद्रप्रयाग में मां-बेटे की मौत, बाजपुर में 23 जुआरी गिरफ्तार

हल्द्वानी में दुष्कर्म की कोशिश, रुद्रप्रयाग में मां-बेटे की मौत, बाजपुर में 23 जुआरी गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से अपराध और अवैध गतिविधियों से जुड़ी कई चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। हल्द्वानी में मानसिक रूप से दिव्यांग युवती के घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है।

वहीं रुद्रप्रयाग में एक बंद कमरे से महिला और उसके बेटे के सड़े-गले शव बरामद हुए हैं। उधर उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 लोगों को गिरफ्तार किया है।

हल्द्वानी में दिव्यांग युवती के घर में घुसा ऑटो चालक, दुष्कर्म की कोशिश का आरोप

नैनीताल जिले के हल्द्वानी के नवाबी रोड स्थित आनंदपुरी कॉलोनी में एक मानसिक रूप से दिव्यांग युवती के घर में देर रात एक ऑटो चालक के घुसने और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगा है।

जानकारी के अनुसार युवती के माता-पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और वह अकेले एक कच्चे घर में रहती है। आसपास के लोग मिलकर उसकी देखभाल करते हैं।

बताया जा रहा है कि सुरक्षा के लिहाज से रात के समय युवती को घर के अंदर रखकर बाहर से ताला लगा दिया जाता है और खिड़की को ईंटों से बंद कर दिया जाता है। गुरुवार देर रात करीब एक बजे एक टेंपो चालक खिड़की की ईंटें हटाकर घर के अंदर घुस गया।

कॉलोनी की महिलाओं का आरोप है कि आरोपी युवती के साथ दुष्कर्म करने की नीयत से घर में दाखिल हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस को सूचना दी गई।

हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी करण आर्या पुत्र राम सिंह निवासी नया गांव, थाना कालाढूंगी जिला नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया।

उसे जेल रोड स्थित शीशम बाग कॉलोनी के पास से घटना में प्रयुक्त ऑटो के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रुद्रप्रयाग में बंद कमरे से उठी बदबू ने खोला खौफनाक राज

रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा-सुमाड़ी क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां किराये के एक कमरे में नेपाली मूल की महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे के सड़े-गले शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार नेपाल मूल का दीपक बहादुर अपनी पत्नी कमला शाही (34 वर्ष) और नौ वर्षीय बेटे रोशन सिंह के साथ विद्युत कॉलोनी के पास किराये के कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि यह परिवार पिछले लगभग पांच वर्षों से यहां रह रहा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक सप्ताह से कमरे का दरवाजा बंद था। कुछ दिन बाद कमरे से तेज बदबू आने लगी, जिससे किसी अनहोनी की आशंका होने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि कमरे के बाहर से ताला लगा हुआ था।

संदेह के आधार पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां महिला और उसके बेटे के सड़े-गले शव पड़े हुए मिले। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। घटना के बाद से महिला का पति दीपक बहादुर लापता है, जिससे उस पर शक गहराता जा रहा है।

कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार पति की तलाश में जुटी हुई है।

बाजपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 23 जुआरी गिरफ्तार

उधर उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। बाजपुर कोतवाल नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम को क्षेत्र में जुआ खेले जाने की शिकायतें मिल रही थीं।

इसके बाद पुलिस ने योजना बनाकर शुगर फैक्ट्री ग्राउंड में छापा मारा, जहां से 17 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। इसके बाद कृषि मंडी समिति के ग्राउंड में भी छापेमारी की गई, जहां से 6 अन्य लोगों को पकड़ा गया। इस तरह पुलिस ने कुल 23 जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में इस्तेमाल हो रही नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

लक्सर में शादी से इनकार पर युवती ने खाया जहर

हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश कर ली। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के उपचार से उसकी जान बच गई।

बताया जा रहा है कि युवती का देहरादून निवासी एक युवक से करीब डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों के परिवार भी शादी के लिए सहमत बताए जा रहे थे।

लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवक ने शादी से इनकार कर दिया। इससे आहत होकर युवती ने 4 मार्च को जहरीला पदार्थ खा लिया।

घटना के बाद युवती के परिजन लक्सर कोतवाली पहुंचे और युवक व उसके परिवार के खिलाफ शिकायत दी।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की गई है और मामले की जांच की जा रही है।