हरिद्वार की जनसभा से साफ संदेश, धामी के नेतृत्व में आगे बढ़ेगा उत्तराखंड। हाईकमान की मुहर
हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को उत्तराखंड दौरे पर हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर सराहना की और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि, मुख्यमंत्री धामी ने राज्य की कई समस्याओं को समाप्त करने का काम किया है और उत्तराखंड विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में “पर्ची और खर्ची” का चलन था, लेकिन अब युवाओं को बिना सिफारिश और बिना रिश्वत के रोजगार मिल रहा है।
धामी सरकार की नीतियों की सराहना
अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई है। इसके अलावा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के लिए भी उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को बधाई दी। शाह ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने यूसीसी लागू कर एक नई मिसाल कायम की है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे थे, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
करोड़ों की योजनाओं की सौगात
हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने करीब 427 करोड़ रुपये की लागत वाली 51 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके अलावा डिजिटल माध्यम से 1100 करोड़ रुपये से अधिक की अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया।
अमित शाह ने उत्तराखंड में ई-जीरो एफआईआर (e-Zero FIR) सेवा का भी शुभारंभ किया। इस सेवा के तहत साइबर अपराध से जुड़े मामलों की शिकायत 1930 हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से दर्ज कराई जा सकेगी।
पुलिस भर्ती और नागरिकता प्रमाण पत्र भी सौंपे
कार्यक्रम में गृह मंत्री ने उत्तराखंड पुलिस में नई भर्ती के पांच आरक्षियों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र दिए। राज्य में करीब 2000 पुलिस आरक्षियों की भर्ती की गई है।
इसके अलावा नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए पांच हिंदू परिवारों को भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कांग्रेस का विरोध, ज्योति रौतेला हिरासत में
उधर, अमित शाह के हरिद्वार दौरे के दौरान कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन भी किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला अपने समर्थकों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री से मिलने हरिद्वार जा रही थीं, लेकिन पुलिस ने ऋषिकेश के पास नेपाली फार्म में बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि ज्योति रौतेला पुलिस को चकमा देकर पैदल हरिद्वार की ओर दौड़ पड़ीं, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया और सोंग नदी पुल के पास उन्हें रोक लिया।
इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। पुलिस ने ज्योति रौतेला और जिला अध्यक्ष अंशुल त्यागी को हिरासत में लेकर ऋषिकेश कोतवाली पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की गई।
कांग्रेस ने लगाए आरोप
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में अपराध का ग्राफ बढ़ा है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह इन मुद्दों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री से मिलने जा रही थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन रोक दिया।
उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
धामी सरकार के चार साल पर कार्यक्रम
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूसरे कार्यकाल को 23 मार्च को चार साल पूरे होने जा रहे हैं। इसी अवसर पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हरिद्वार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, नेता और आम लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से हुए निवेश समझौतों को धरातल पर उतारने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हरिद्वार के मंच से अमित शाह द्वारा मुख्यमंत्री धामी की खुलकर की गई प्रशंसा ने राज्य की राजनीति में एक स्पष्ट संदेश दिया है और इससे नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर विराम लग सकता है।



