बिग ब्रेकिंग: पुष्कर सिंह धामी ने ‘वन-क्लिक’ से जारी की पेंशन, 9.57 लाख खातों में ₹141.91 करोड़ ट्रांसफर

पुष्कर सिंह धामी ने ‘वन-क्लिक’ से जारी की पेंशन, 9.57 लाख खातों में ₹141.91 करोड़ ट्रांसफर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फरवरी 2026 की सामाजिक सुरक्षा पेंशन की किस्त ‘वन-क्लिक’ प्रणाली के जरिए जारी करते हुए 9,57,651 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल ₹141.91 करोड़ सीधे हस्तांतरित किए। इस राशि में मासिक पेंशन के साथ लंबित एरियर भुगतान भी शामिल है।

सरकार के अनुसार, डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था के तहत डीबीटी (Direct Benefit Transfer) माध्यम से धनराशि सीधे खातों में भेजी गई, जिससे समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हुआ।

वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 5.93 लाख से अधिक लाभार्थियों को ₹1500 प्रतिमाह की दर से सर्वाधिक राशि वितरित की गई।

इसके अलावा विधवा, दिव्यांग, किसान एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को भी आर्थिक सहायता दी गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे।

विशेषकर दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में कवरेज बढ़ाने के लिए नवाचार आधारित कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया।

सरकार ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं आर्थिक सहायता के साथ सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जिनका उद्देश्य जरूरतमंद वर्गों को सम्मानजनक जीवन के लिए स्थायी आधार देना है।