इधर मेहंदी समारोह में चली गोली, उधर संत से मांगी करोड़ों की रंगदारी। पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में दो अलग-अलग आपराधिक मामलों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देहरादून में मेहंदी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली में एक युवती घायल हो गई।
जबकि हरिद्वार में एक संत ने होटल कारोबारी पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेहंदी समारोह में चली गोली, आरोपी हिरासत में
देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र के नेहरू ग्राम में सोमवार रात एक मेहंदी समारोह के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक फायर हो गया।
गोली समारोह में मौजूद युवती नीलिमा यादव के पैर के अंगूठे के पास जा लगी। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिजन घायल युवती को अस्पताल ले गए।
शिकायतकर्ता कमल कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि धूलकोट निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी समारोह में अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। कॉकटेल पार्टी के दौरान डांस करते समय पिस्टल से फायर हो गया।
प्रथम दृष्टया जांच में लापरवाही से गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पिस्टल जब्त कर ली गई है और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है। थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हरिद्वार में संत से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप
उधर हरिद्वार में स्वामी शिवानंद भारती ने एक होटल कारोबारी और उसके साथी पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार ऋषिकेश के हरिपुरकलां स्थित जमीन को लेकर 19 अगस्त 2023 को मैसर्स रुड़की रिजॉर्ट एंड होटल कंपनी के निदेशक सन्नी कपूर के साथ अनुबंध हुआ था।
तय समय पर भुगतान नहीं होने के कारण अनुबंध निरस्त हो गया। आरोप है कि बाद में दिया गया 14 करोड़ रुपये का चेक भी बाउंस हो गया।
संत का आरोप है कि 19 सितंबर 2025 को फोन कर उनसे संपत्ति का आधा हिस्सा और पांच करोड़ रुपये की मांग की गई तथा फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर रंगदारी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
दोनों घटनाओं में पुलिस की कार्रवाई जारी है। देहरादून की घटना ने समारोहों में हथियार लेकर पहुंचने की प्रवृत्ति पर चिंता बढ़ाई है, वहीं हरिद्वार में जमीन विवाद अब कानूनी जांच के दायरे में है।



