बड़ी खबर: फर्जी दस्तावेज गिरोह का भंडाफोड़, बच्ची चोरी का आरोपी गिरफ्तार। लाखों की चोरी का खुलासा, विष्णु घाट पर भीषण आग

फर्जी दस्तावेज गिरोह का भंडाफोड़, बच्ची चोरी का आरोपी गिरफ्तार। लाखों की चोरी का खुलासा, विष्णु घाट पर भीषण आग

हरिद्वार। उत्तराखंड में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज बनाने वाले आरोपी, बच्ची चोरी के आरोपी और शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। वहीं हरिद्वार के विष्णु घाट क्षेत्र में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सभी मामलों में पुलिस जांच जारी है।

मोबाइल रिपेयर की आड़ में बन रहे थे फर्जी दस्तावेज

हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में पुलिस सत्यापन अभियान के दौरान रावली महदूद गांव स्थित एक मोबाइल रिपेयर की दुकान में फर्जी दस्तावेज बनाने का खुलासा हुआ। आरोपी पुनीत कुमार (28) निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है।

तलाशी में 4 फर्जी आधार कार्ड, 9 फर्जी हाईस्कूल मार्कशीट, लैपटॉप, कलर प्रिंटर समेत अन्य उपकरण बरामद हुए। जांच में सामने आया कि आरोपी बाहरी राज्यों से सिडकुल में नौकरी करने आने वाले लोगों के आधार कार्ड में नाम-पता और उम्र में बदलाव कर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

दो साल की बच्ची चोरी करने वाला नशेड़ी गिरफ्तार

हरिद्वार के तुलसी चौक क्षेत्र से 19 फरवरी की रात मां के पास सो रही दो वर्षीय बच्ची को चोरी करने वाले आरोपी रवि कुमार (28) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 20 फरवरी को ऋषिकुल तिराहे के पास बच्ची लावारिस हालत में सकुशल बरामद हुई थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और बच्ची को दूसरे शहर ले जाकर उससे भीख मंगवाने की योजना बना रहा था। शहर में सघन चेकिंग के कारण वह भाग नहीं सका और बच्ची को छोड़कर फरार हो गया।

100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को मायापुर क्षेत्र से दबोच लिया गया। मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

रुद्रपुर में लाखों की चोरी का खुलासा

रुद्रपुर के प्रीत विहार क्षेत्र में बंद मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी पवन शर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने की बालियां, पायल, दो मोबाइल फोन और 84 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

25 जनवरी को हुई इस चोरी के खुलासे के लिए पुलिस ने दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपी पहले भी चोरी और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है और पांच साल की सजा काट चुका है।

विष्णु घाट के पास तीन दुकानों में भीषण आग

हरिद्वार के विष्णु घाट चौक पर देर रात तीन खानपान की दुकानों में आग लग गई। आग ने पास स्थित दो होटलों की ऊपरी मंजिल को भी चपेट में ले लिया। संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में कठिनाई हुई।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। चार सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या सिलेंडर फटने की आशंका जताई गई है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में आगे की जांच जारी है और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की।

पत्नी से विवाद के बाद ठेकेदार ने खुद को मारी गोली

हल्द्वानी के गौलापार स्थित कुँवरपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक ठेकेदार ने कथित रूप से खुद को गोली मार ली। मृतक की पहचान कमलेश बेलवाल (40 वर्ष) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी पर गोली मार ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने मौके से लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।