देहरादून बार एसोसिएशन चुनाव के बीच हड़कंप, देहरादून जिला कोर्ट। को फिर बम से उड़ाने की धमकी
देहरादून। उत्तराखंड में अदालतों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को देहरादून बार एसोसिएशन के चुनाव के दौरान देहरादून जिला कोर्ट को दोबारा बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल जिला जज के कार्यालय में प्राप्त हुआ।
सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत कार्रवाई करते हुए न्यायालय परिसर को खाली कराया और सघन तलाशी अभियान चलाया। डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की जांच की गई,
लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद स्थिति सामान्य होने पर वकीलों और अन्य लोगों को पुनः प्रवेश की अनुमति दी गई।
बताया जा रहा है कि चुनाव के चलते बड़ी संख्या में अधिवक्ता कोर्ट परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान जिला जज को धमकी भरा मेल मिला, जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई थी।
लगातार दूसरे दिन मिली धमकी
एक दिन पहले भी कोर्ट को इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय भी करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने सभी जिलों के एसएसपी को अदालत परिसरों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन चेकिंग और निगरानी के आदेश दिए गए हैं।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्राप्त ईमेल की साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है। दोनों दिनों में मिले मेल की तकनीकी स्टडी की जा रही है और स्रोत का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल तलाशी अभियान में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिलने से राहत जरूर है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।


