बेरीनाग शिविर में पेयजल मुद्दे पर डीएम सख्त, जांच के आदेश
पिथौरागढ़ । बेरीनाग विकासखंड सभागार में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं ने जनसमस्याएं सुनीं।
इस दौरान उडियारी चौकोड़ी पेयजल योजना में लापरवाही की शिकायत पर डीएम ने जल निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और जांच के आदेश दे दिए।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग समेत कई विभागों ने स्टॉल लगाए। यहां वृद्धावस्था, विधवा, विकलांग पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर और जॉब कार्ड से जुड़े आवेदन स्वीकार किए गए।
शिविर में कुल 682 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
ग्रामीणों ने उठाए अहम मुद्दे
जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पेयजल संकट, सड़क बदहाली, विद्युत लाइन, स्मार्ट मीटर, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, जंगली जानवरों का आतंक, जल जीवन मिशन के तहत घटिया नलों की आपूर्ति, डंपिंग जोन की समस्या सहित कई मुद्दे उठाए।
जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण कार्की और ग्राम प्रधान हेमा देवी ने बताया कि उडियारी में ग्रामीणों को चौथे दिन पानी मिल रहा है। इस पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए।
अन्य शिकायतों पर भी कार्रवाई
- ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल ने भराड़ी तोक को योजनाओं का लाभ न मिलने की शिकायत की।
- सामाजिक कार्यकर्ता ललित पंत ने कृषि विभाग का कार्यालय ब्लॉक में संचालित न होने का मुद्दा उठाया, जिस पर डीएम ने कार्यालय संचालित करने के निर्देश दिए।
- विभिन्न ग्राम प्रधानों ने संपर्क मार्गों की बदहाली, प्रमाण पत्र न बनने और बिजली-पानी कनेक्शन में देरी की समस्याएं रखीं।
- 192 शिकायतें, 178 का मौके पर निस्तारण
- शिविर में करीब 510 लोगों ने प्रतिभाग किया। कुल 192 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 178 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि 14 शिकायतें संबंधित विभागों को अग्रेषित की गईं।
डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में विधायक फकीर राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल और दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



