बिग ब्रेकिंग:क्रिकेट लीग आड़ में धोखाधड़ी: EVCL आयोजक विकास ढाका  गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट सख्त, 12 फरवरी को अगली सुनवाई

क्रिकेट लीग की आड़ में धोखाधड़ी। EVCL आयोजक विकास ढाका गिरफ्तार, हाईकोर्ट ने तय की सुनवाई

नैनीताल। हल्द्वानी में एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग (EVCL) के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपी आयोजक विकास ढाका ने अपनी गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।

मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने याचिकाकर्ता से रिमांड शीट की प्रतिलिपि न्यायालय में दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने अगली सुनवाई 12 फरवरी तय की है।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सौरभ पाण्डे ने दलील दी कि जिन धाराओं में गिरफ्तारी हुई है, उनमें सजा सात वर्ष से कम है, इसके बावजूद पुलिस ने अवैध कस्टडी अपनाई।

उन्होंने बताया कि विकास ढाका को सुबह 11:30 बजे पुलिस थाने में बैठाए रखा गया, रात 9 बजे एफआईआर दर्ज हुई और रिमांड शीट में गिरफ्तारी अगले दिन सुबह 4 बजे दर्शाई गई, जो प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यह भी आरोप लगाया गया कि पुलिस दबाव में कार्य कर रही है।

गौरतलब है कि हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, गौलापार में मंगलवार से EVCL का आयोजन प्रस्तावित था। उद्घाटन मैच उत्तराखण्ड सोल्जर्स बनाम दिल्ली नाइट्स के बीच होना था, साथ ही लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी तय थीं।

लीग में मसूरी किंग्स, यूपी वारियर्स, हल्द्वानी टाइगर्स, दिल्ली नाइट्स, उत्तराखण्ड सोल्जर्स और वाराणसी वाइपर्स के मुकाबले निर्धारित थे।

हालांकि, देर शाम तक मैच शुरू न होने पर आयोजक ने अपने दिल्ली निवासी बड़े पार्टनर प्रमोद सिंह के आकस्मिक निधन का हवाला देते हुए प्रतियोगिता स्थगित करने की जानकारी दी।

इसके बाद प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को विकास ढाका को सुसंगत धाराओं में गिरफ्तार किया। अब हाईकोर्ट की सख्ती के बीच मामले की प्रक्रिया और गिरफ्तारी की वैधता पर न्यायिक जांच की दिशा साफ होती दिख रही है।