राजनीति: इधर सीएम योगी आदित्यनाथ का उत्तराखंड दौरा, उधर कांग्रेस ने किया घेराव का एलान
रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक ओर जहां उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 16 फरवरी को राजभवन घेराव का ऐलान किया है,
वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आज शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचने की संभावना है। दोनों घटनाओं को लेकर प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर समाज में विघटन पैदा करने और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है और महिला सुरक्षा,
रोजगार व महंगाई जैसे मुद्दों पर केवल जुमलेबाजी कर रही है। मनरेगा का नाम बदले जाने और श्रमिकों के अधिकारों पर कुठाराघात के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने 16 फरवरी को राजभवन घेराव का निर्णय लिया है।
गणेश गोदियाल ने बिजली के बढ़ते दामों को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विद्युत नियामक आयोग के माध्यम से आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। कांग्रेस का कहना है
कि बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार और ध्वस्त कानून व्यवस्था के खिलाफ यह आंदोलन निर्णायक होगा।
कांग्रेस की तैयारी तेज
राजभवन घेराव को लेकर प्रदेश कांग्रेस लगातार बैठकें कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
पार्टी के अनुसार प्रदर्शन में सभी वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी व पीसीसी सदस्य, अनुषांगिक संगठन और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
पौड़ी में सीएम योगी के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क
इधर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर आने की संभावना है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह एक निजी समारोह में शामिल होंगे और जनता इंटर कॉलेज,
चमकोटखाल में नवनिर्मित कक्षा कक्षों के लोकार्पण कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। यह विद्यालय उनके छात्र जीवन से जुड़ा होने के कारण यह दौरा भावनात्मक रूप से भी खास माना जा रहा है।
सीएम योगी के संभावित आगमन को देखते हुए यमकेश्वर और बिथ्याणी क्षेत्र में हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं, जबकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
यमकेश्वर एसडीएम चतर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
स्थानीय लोगों में सीएम योगी के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अपने गांव और क्षेत्र से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहा है, जिसके चलते उनका दौरा क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और खुशी का विषय है।



