क्राइम रिपोर्ट : उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था, राजनीति और अपराध से जुड़ी बड़ी घटनाएं। एक क्लिक में पढ़ें….

उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था, राजनीति और अपराध से जुड़ी बड़ी घटनाएं। एक क्लिक में पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से कानून-व्यवस्था, चुनावी विवाद, अपराध और सड़क हादसों से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। कहीं व्यापार मंडल चुनाव हंगामे की भेंट चढ़ गया, तो कहीं पुलिस पर जानलेवा हमला हुआ। वहीं, हत्या के मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की है।

खटीमा: व्यापार मंडल चुनाव में हंगामा, मतगणना स्थगित

उधम सिंह नगर के खटीमा में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल चुनाव की मतगणना हंगामे और राजनीतिक टकराव की भेंट चढ़ गई। मतगणना के दौरान कथित धांधली के आरोपों के बाद भाजपा और कांग्रेस समर्थक आमने-सामने आ गए।

स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन के निर्देश पर मतगणना रोक दी गई और मतपेटियों व मतगणना स्थल को सील कर दिया गया।

सुबह 9 से शाम 4 बजे तक हुए मतदान में 3202 में से 2704 मत पड़े थे। मतगणना के दौरान कोषाध्यक्ष पद पर मोहम्मद जरीफ को विजयी घोषित किया गया, लेकिन मतपेटियों में 27 वोट कम मिलने के बाद विवाद खड़ा हो गया। देर रात तक खटीमा चौराहे पर राजनीतिक नारेबाजी होती रही।

हरिद्वार: मुजफ्फरनगर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला

हरिद्वार की ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में मुजफ्फरनगर के छपार थाने की पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया। धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लौट रही पुलिस की गाड़ी को आरोपियों ने कई बार टक्कर मारी, जिससे एक दरोगा, एक सिपाही और महिला सिपाही घायल हो गए।

स्थानीय पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुल 11 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

रुड़की/भगवानपुर: दोहरे हत्याकांड में 11 आरोपी गिरफ्तार

भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में संत रविदास जयंती के बाद हुए खूनी संघर्ष में पुलिस ने दोनों पक्षों से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि जवाबी हिंसा में दूसरे व्यक्ति की पीट-पीटकर मौत हो गई थी।

पुरानी रंजिश को इस हत्याकांड की वजह बताया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।

पौड़ी गढ़वाल: कोटद्वार में युवती से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

कोटद्वार में ‘बाबा’ नाम विवाद के बीच एक युवती से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी युवक पर लगातार फोन कॉल, मैसेज और सार्वजनिक स्थानों पर उत्पीड़न का आरोप है।

एसएसपी पौड़ी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सितारगंज: सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत

सितारगंज में गैस से भरे ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार 65 वर्षीय महिला बानो बेगम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला का दामाद घायल हुआ है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देहरादून: नकली दवाइयों के गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ ने ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाइयों का पैकिंग मटेरियल और लेबल बनाने-बेचने वाले गिरोह के एक और सदस्य को देहरादून से गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 13 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। एसटीएफ अन्य राज्यों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।