बिग ब्रेकिंग: कोटद्वार में 15 से 30 जनवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली, 14 हजार से अधिक युवा होंगे शामिल

कोटद्वार में 15 से 30 जनवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली, 14 हजार से अधिक युवा होंगे शामिल

कोटद्वार। भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। सेना भर्ती कार्यालय (ARO) लैंसडाउन ने अग्निवीर भर्ती रैली की तिथियों की घोषणा कर दी है। यह भर्ती रैली 15 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक गब्बर सिंह कैंप, कोटद्वार में आयोजित की जाएगी।

यह अवसर उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2025 सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार, उत्तराखंड से करीब 26 हजार युवाओं ने CEE परीक्षा दी थी, जिनमें से 14 हजार से अधिक अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में युवाओं के रैली में शामिल होने की संभावना है।

गढ़वाल मंडल के सात जिलों के युवा होंगे शामिल

यह भर्ती रैली मुख्यालय भर्ती जोन (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। रैली में गढ़वाल मंडल के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून और हरिद्वार जिलों के पात्र अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।

रैली में केवल वही उम्मीदवार शामिल होंगे, जिन्होंने 30 जून से 10 जुलाई 2025 के बीच आयोजित ऑनलाइन CEE परीक्षा उत्तीर्ण की हो।

इन पदों पर होगी भर्ती

भर्ती रैली के दौरान अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। चयन पूरी तरह से योग्यता, शारीरिक दक्षता और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।

अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

सेना भर्ती कार्यालय ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एसडीएम लैंसडाउन की ओर से ठहरने और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। अभ्यर्थियों को स्वयं रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड तक पहुंचना होगा, जहां से सेना की ओर से रैली स्थल तक लाने और छोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।

एडमिट कार्ड और संपर्क जानकारी

अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट
http://www.joinindianarmy.com से डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड में रैली स्थल पर रिपोर्ट करने की तिथि और समय स्पष्ट रूप से अंकित होगा।

यदि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो उम्मीदवार 30 दिसंबर 2025 से पहले सेना भर्ती कार्यालय लैंसडाउन से संपर्क कर सकते हैं।

दस्तावेज पूरे रखना अनिवार्य

रैली में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ तीन-तीन फोटोकॉपी लाना अनिवार्य होगा। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ऑनलाइन पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, विद्यालय चरित्र प्रमाण पत्र तथा 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं।

सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को दलालों और एजेंटों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क, निष्पक्ष और पारदर्शी है। चयन का एकमात्र आधार अभ्यर्थी की मेहनत, योग्यता और अनुशासन होगा।

भर्ती रैली का विस्तृत शेड्यूल 1 जनवरी 2026 के बाद जारी किया जाएगा। भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए यह भर्ती रैली एक बड़ा अवसर साबित हो सकती है।