पांवटा साहिब में कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 841 मरीजों ने उठाया लाभ

पांवटा साहिब में कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 841 मरीजों ने उठाया लाभ

पांवटा साहिब। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल देहरादून एवं रोटरी पांवटा साहिब के संयुक्त तत्वावधान में ज्ञान चंद गोयल धर्मार्थ भवन, तारुवाला रोड में शनिवार 13 दिसंबर 2025 को कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया।

शिविर में पांवटा साहिब एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए 841 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंशुल गोयल (प्रेसिडेंट, रोटरी पांवटा साहिब), शांति स्वरूप गुप्ता (सचिव, रोटरी पांवटा साहिब) एवं डॉ. पंकज कुमार गर्ग (वरिष्ठ कैंसर सर्जन, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अंशुल गोयल ने कहा कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल देहरादून आज न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक विश्वसनीय संस्थान बन चुका है।

उन्होंने अस्पताल के माननीय चेयरमैन पूज्य श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में अस्पताल समाज के हर वर्ग तक सुलभ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचा रहा है।

उन्होंने भविष्य में भी पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

शिविर में कैंसर सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. पंकज कुमार गर्ग ने कैंसर के प्रति जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि कैंसर लाइलाज बीमारी नहीं है, यदि इसकी समय पर पहचान और उचित उपचार किया जाए।

उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली, तंबाकू व नशे का सेवन, असंतुलित खानपान, शारीरिक निष्क्रियता और मानसिक तनाव कैंसर के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं।

डॉ. गर्ग ने आमजन से अपील की कि लंबे समय तक घाव न भरना, शरीर में असामान्य गांठ, अचानक वजन कम होना, लगातार खांसी या खून आना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं।

शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं, जिनमें कैंसर विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी कॉल, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग से डॉ. आयुष्मा, मेडिसिन से डॉ. शरणदीप, सर्जरी से डॉ. उपमन्यु जोशी, शिशु रोग से डॉ. ऋषभ यादव, नेत्र रोग से डॉ. तन्वी भट्ट, त्वचा एवं यौन रोग से डॉ. चिताम्बरा जोशी, फिजियोथैरेपी से डॉ. आयुषी वर्मा, मनोरोग से डॉ. विदुषी मक्कड़, हड्डी रोग से डॉ. विशाल एवं नाक-कान-गला रोग विभाग से डॉ. इंद्रा आर्य शामिल रहे।

शिविर के दौरान मरीजों की निःशुल्क ईसीजी, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल गर्ग, रवि दीप सिंह, प्रशांत आर्य, सुमेद वर्मा, शांति गुप्ता, डॉ. एनपीएस नारंग, नरेंद्र सहोटा, अरविंद मारवा, राखी डंग, डॉ. प्रवेश सबलोक, रक्षित अग्रवाल, हरिशंकर गौड़ सहित श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की जनसंपर्क टीम एवं ब्लड बैंक के कोऑर्डिनेटर अमित चंद्रा का विशेष योगदान रहा।

इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और इसे क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।