बड़ी खबर: हरिद्वार में बढ़ता अपराध। दो दुष्कर्म मामलों का खुलासा, गैंगस्टर एक्ट में पांच गिरफ़्तार

हरिद्वार में बढ़ता अपराध। दो दुष्कर्म मामलों का खुलासा, गैंगस्टर एक्ट में पांच गिरफ़्तार

हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक युवती ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि युवक पिछले एक साल से प्रेम-प्रसंग के नाम पर विवाह का भरोसा दिलाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।

जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो युवक ने इन्कार कर दिया और परिजनों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

थाना प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि वसीम, सोनू और भूरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

नाबालिग लड़की के अपहरण व दुष्कर्म का संगीन मामला

सिडकुल क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला भी सामने आया है। पीड़िता के पिता द्वारा कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार 25 अक्टूबर की रात पंकज नामक युवक ने नाबालिग का मुंह भींचकर उसे ट्यूबवेल पर ले जाकर दुष्कर्म किया।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी अपने पिता लाखन और भाई सिद्धार्थ के साथ नाबालिग को दिल्ली, गुड़गांव और फिर सहारनपुर ले गया, जहां भी उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए।

परिजनों के अनुसार प्रारंभिक शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पंकज समेत चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया।

लूट–डकैती से दहशत फैलाने वाले गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट

रानीपुर कोतवाली पुलिस ने इलाके में लूट, डकैती, झपटमारी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

गैंग का सरगना भानु प्रताप उर्फ गुड्डू, मेरठ के हस्तिनापुर का निवासी बताया गया है, जो लंबे समय से संगठित गिरोह चलाकर आपराधिक वारदातों से पैसा कमा रहा था।

गैंग के सक्रिय सदस्य

• दीपक
• अंकुश
• राहुल — सभी निवासी हुसैनपुर बहादरपुर, थाना रामराज, मुजफ्फरनगर
• गौरव उर्फ कमांडो — निवासी दुर्गागढ़ रंजीतपुर, थाना पथरी

भानु प्रताप समेत सभी आरोपियों के खिलाफ रानीपुर, बहादराबाद और नगर कोतवाली सहित कई थानों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के अनेक मामले दर्ज हैं।

पुलिस की कार्रवाई

कोतवाली प्रभारी शांति कुमार ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के बाद गिरोह के पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है।