बड़ी खबर: धामी सरकार ने बढ़ाया गन्ना मूल्य। किसानों के चेहरे खिले, किसान मोर्चा बोला ऐतिहासिक कदम

धामी सरकार ने बढ़ाया गन्ना मूल्य। किसानों के चेहरे खिले, किसान मोर्चा बोला ऐतिहासिक कदम

देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का ऐतिहासिक फैसला लिया है।

सरकार के इस निर्णय पर भाजपा किसान मोर्चा ने मुख्यमंत्री धामी का आभार जताते हुए इसे किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में बड़ा कदम बताया।

कुमाऊँ संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि बढ़ोतरी के बाद अब शीघ्र प्रजाति का गन्ना 405 रुपये/क्विंटल और सामान्य प्रजाति 395 रुपये/क्विंटल हो गया है। इसका सीधा लाभ किसानों को इसी पेराई सत्र में मिलेगा।

नेगी ने दावा किया कि गन्ना मूल्य के मामले में उत्तराखंड अब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से भी आगे निकल गया है, जो धामी सरकार की किसान हितैषी नीतियों का स्पष्ट प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि इस बढ़ोतरी का प्रभाव राज्य के 2.98 लाख पंजीकृत गन्ना किसानों, 88,603 हेक्टेयर क्षेत्र, और लगभग 738.95 लाख क्विंटल उत्पादन पर पड़ेगा।

इसके साथ ही सरकार ने आठों चीनी मिलों में समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 139.70 करोड़ रुपये की ऋण सहायता भी जारी कर दी है।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप कुकसाल, सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।