बिग ब्रेकिंग: अल्मोड़ा के स्कूल में 161 जिलेटिन छड़ें बरामद। बम निरोधक टीम ने किया सुरक्षित, मुकदमा दर्ज

अल्मोड़ा के स्कूल में 161 जिलेटिन छड़ें बरामद। बम निरोधक टीम ने किया सुरक्षित, मुकदमा दर्ज

अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई। विद्यालय परिसर की झाड़ियों से 161 जिलेटिन छड़ें मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और बम निरोधक दस्ते में हड़कंप मच गया।

प्रभारी प्रधानाचार्य को मिला संदिग्ध पैकेट, तुरंत दी सूचना

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सुभाष सिंह को कैंपस की झाड़ियों में संदिग्ध पैकेट दिखा। शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक दीवान अर्जुन बिष्ट और लोमेश कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को घेराबंदी में ले लिया।

BDS और डॉग स्क्वाड की बड़ी कार्रवाई

मामले को गंभीर देखते हुए ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों से बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वाड भी मौके पर बुलाए गए।

डॉग ‘मौली’ और ‘रैम्बो’ की सहायता से स्कूल में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें दो स्थानों से जिलेटिन के 161 पैकेट बरामद हुए। सभी पैकेटों को सुरक्षित तरीके से एकत्र कर सील पैक किया गया।

पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से मौके पर ही बरामदगी फर्द तैयार की गई।

विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज

प्रशासन ने इसे गंभीर मामला मानते हुए धारा 4(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 और 288 BNS के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सबसे बड़ा सवाल! विस्फोटक स्कूल तक कैसे पहुँचा?

स्कूल परिसर में इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटक सामग्री मिलना कई सवाल खड़े करता है—

  • इसे किसने यहां छिपाया?
  • क्या उद्देश्य था?
  • क्या किसी बड़ी घटना की तैयारी थी?

पुलिस इसे बड़ी सुरक्षा चूक मान रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा ने कहा कि,  “स्कूल परिसर की झाड़ियों में विस्फोटक मिला है। किसने रखा, इसकी जांच जारी है। जल्द खुलासा किया जाएगा।”