धर्मेंद्र की सेहत पर अफवाहों से भड़कीं हेमा मालिनी, बोलीं- “परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें”
मुंबई। दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता और बीजेपी सांसद धर्मेंद्र की सेहत को लेकर बीते दिनों से सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इस पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने नाराजगी जताई है।
धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ होने के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इसी बीच कुछ मीडिया चैनलों ने उनकी हालत को लेकर भ्रामक खबरें चलाईं, जिसके बाद हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर ऐसी खबरों का खंडन किया और इसे अपमानजनक व गैर जिम्मेदार बताया।
हेमा मालिनी ने लिखा कि जिम्मेदार चैनल इस तरह किसी बीमार व्यक्ति की सेहत को लेकर गलत जानकारी कैसे प्रसारित कर सकते हैं, जबकि उनका इलाज असर दिखा रहा है और वह ठीक हो रहे हैं।
उन्होंने लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र की हालत नाजुक है और अगले 72 घंटे उनके लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।
इसी बीच परिवार ने भी स्वास्थ्य अपडेट साझा करते हुए कहा कि धर्मेंद्र की स्थिति स्थिर है और वे डॉक्टर्स की निगरानी में हैं। उनकी बेटी ईशा देओल ने फैंस से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
वहीं, बेटे बॉबी देओल भी पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही फिल्म की शूटिंग बीच में छोड़कर अस्पताल पहुंच गए। धर्मेंद्र की बिगड़ती सेहत की खबर मिलते ही कई फिल्मी हस्तियां भी उनसे मिलने अस्पताल पहुंच चुकी हैं।
परिवार ने साफ किया है कि धर्मेंद्र की हालत नियंत्रण में है और उनका उपचार जारी है। हेमा मालिनी और परिवार ने बार-बार अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे वक्त में परिवार की निजी भावनाओं और प्राइवेसी का सम्मान किया जाना चाहिए। फैंस और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

