UKSSSC ने जारी की वाहन चालक भर्ती परीक्षा के अभिलेख सत्यापन के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में वाहन चालक और प्रवर्तन चालक पदों की भर्ती प्रक्रिया के तहत अभिलेख सत्यापन के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है।
आयोग के अनुसार विज्ञापन संख्या-75/उ०अ०से०च०आ०/2026 के अंतर्गत इन पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा 31 मई 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद लिखित परीक्षा के आधार पर वाहन चालन परीक्षा के लिए 19 जून 2026 को औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी की गई थी।
सूची में शामिल अभ्यर्थियों की हल्के और भारी वाहन की चालन परीक्षा 20 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक आयोजित की गई। अब लिखित प्रतियोगी परीक्षा और वाहन चालन परीक्षा के परिणामों के आधार पर आयोग द्वारा निर्धारित अनुपात में अभिलेख सन्निरीक्षा के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी की गई है।
अभ्यर्थी यह सूची आयोग की वेबसाइट http://www.sssc.uk.gov.in पर देख सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह औपबंधिक श्रेष्ठता सूची उत्तराखण्ड हाईकोर्ट में विचाराधीन रिट याचिका WPSB संख्या 221/2026, मनोज कुमार एवं अन्य बनाम उत्तराखण्ड राज्य एवं अन्य में न्यायालय द्वारा पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
आयोग ने बताया कि औपबंधिक श्रेष्ठता सूची में शामिल अभ्यर्थियों के अभिलेख सन्निरीक्षा की तिथि और विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी किया जाएगा।


